गांव सग्गा निवासी बृजपाल ने शिकायत में बताया कि शनिवार की रात करीब 8 बजे वे अपने गांव से अपने खेत में जा रहा था। जब करनाल सीतामाई रोड पर गुगा माड़ी के पास पहुंचा तो वहां सड़क के साइड में एक व्यक्ति जख्मी हालात में पड़ा था, जिसको अज्ञात वाहन टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया था। मौके पर एंबुलेंस आ गई थी।
घायल को इलाज के लिए राजकीय अस्पताल करनाल लाया गया लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इंस्पेक्टर सचिन ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज किया गया है। मृतक की पहचान के लिए शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखा गया है।
बाइक चालक की लापरवाही सवार पर पड़ी भारी, हादसे में मौत
कर्ण विहार निवासी दिनेश सिंह ने बताया कि वे प्राइवेट बिजनेस करते हैं। गुरुवार को वे अपने दोस्त सेक्टर-5 निवासी महावीर सिंह के साथ बाइक पर करनाल से पूंडरी शादी में जा रहे थे। उनके आगे बाइक पर गुमटो निवासी अमित कुमार और कुरुक्षेत्र निवासी अनिल चल रहे थे। इस दौरान अमित बाइक को तेज और लापरवाही से चला रहा था। समझाने के बाद भी वह नहीं माना।
शाम के करीब 05.30 बजे माजरा रोडान गांव से आगे पहुंचने पर उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया। इस दौरान अनिल कुमार सड़क पर गिर गया। उसका सिर पक्की सड़क पर लगा, जिससे वह बेहोश हो गया। गाड़ी का इंतजाम करके उसे प्राइवेट अस्पताल करनाल लाया गया, जहां पर अनिल कुमार का इलाज होता रहा।
रविवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। एसआई सज्जन ने बताया कि पुलिस ने अनिल की मौत के मामले में दिनेश की शिकायत पर अमित के खिलाफ लापरवाही से बाइक चलाने का केस दर्ज किया है।