रतिया के गांव हमजापुर के पास मंगलवार देर रात सड़क हादसे में जीजा-साला सहित तीन युवकों की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने घायल को फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अग्रोहा मेडिकल के लिए रेफर कर दिया। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम बुधवार सुबह फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में होगा।
जानकारी अनुसार गांव कुकड़ावाली निवासी विक्रम (30) व उसका भाई विकास रतिया में फोटोस्टेट का काम करते हैं और विक्रम का साला प्रहलाद निवासी ठरवी (24) भी उनके साथ जाता था। मंगलवार रात वो रोज की तरह अपनी दुकान बंद करके घर की ओर चले थे। इस बार उनके साथ गांव बैजलपुर का रहने वाला सचिन (20) भी बाइक पर सवार था।
एक ही बाइक पर चार युवक सवार होकर जब रतिया से फतेहाबाद होते हुए कुकड़ावाली जा रहे थे तो रतिया से बाहर निकलते ही गांव हमजापुर के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी जिसके चलते चारों युवक सड़क पर जा गिरे। बाद में राहगीरों ने युवकों को एंबुलेंस से लेकर फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल लेकर गए जहां पर चिकित्सकों ने विक्रम, प्रहलाद व सचिन को मृत घोषित कर दिया और विकास की गंभीर हालत के चलते उसे अग्रोहा मेडिकल में रेफर कर दिया गया।