बरवाला-अग्रोहा मार्ग पर बुधवार देर रात करीब 1:30 बजे हुए सड़क हादसे में एक गर्भवती महिला सहित तीन की मौत हो गई, जबकि गर्भवती महिला का पति और एंबुलेंस सहायक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया गया है। हादसे में गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
एंबुलेंस से घायलों को बड़ी मुश्किल से निकाला गया। हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को मेडिकल कॉलेज अग्रोहा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने गर्भवती महिला 27 वर्षीय रामरति व उसकी मां 40 वर्षीय बरवाला निवासी माया तथा एंबुलेंस चालक डाटा निवासी 36 वर्षीय चैन सिंह को मृत घोषित कर दिया।
गर्भवती महिला का पति दीपक और एंबुलेंस सहायक ढाणी गारण गांव निवासी 30 वर्षीय सतपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर वीरवार सुबह पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिए।
जानकारी के अनुसार बरवाला के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से गर्भवती महिला को एंबुलेंस में डिलीवरी के लिए मेडिकल कॉलेज अग्रोहा ले जाया जा रहा था। रास्ते में बालक चौक पर एंबुलेंस टकरा गई। एंबुलेंस में सवार मां-बेटी, एंबुलेंस सहायक व एंबुलेंस चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
गर्भ में थे जुड़वां बच्चे
गर्भवती महिला रामरति के पिता रामचंद्र के अनुसार उन्हें अल्ट्रासाउंड से पता चला था कि गर्भ में जुड़वां बच्चे हैं। यह पहला बच्चा होना था और जुड़वां का पता चलने के बाद खुशी दोगुनी हो गई थी, लेकिन हादसे ने खुशियों को लील लिया।
पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक डॉ. विजय कुमार ने कहा कि गर्भ में जुड़वां बच्चे थे और उनकी मां के गर्भ में ही मौत हो गई। जांचकर्ता अग्रोहा थाना के एएसआई रामसिंह ने बताया कि गर्भवती महिला रामरति के पति दीपक के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की गई है।