चंडीगढ़। हल्लोमाजरा के खेड़ा चौक के पास शराब के नशे में तीन दोस्त आपस में ही भिड़ गए और एक दूसरे पर हमला कर दिया। इस दौरान दो दोस्त गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इनमें से एक की मां ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। सेक्टर-31 थाना पुलिस ने महिला शिकायतकर्ता के बेटे गोविंद उर्फ खुंडू (28) और उसके दोनों दोस्तों आमिर सिंह उर्फ जॉली (19) और संदीप उर्फ विक्की (23) के खिलाफ आईपीसी 188 और 323 के तहत मामला दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस को दी शिकायत में महिला छिंदर पाल (45) ने बताया कि वह हल्लोमाजरा में परिवार समेत रहती है। उसका बेटा गोविंद नशा करने का आदी है। बीती 21 मई की देर रात करीब 11.30 बजे गोविंद के दो दोस्त आमिर और संदीप ने घर का दरवाजा खटखटाते हुए उसे बुलाना शुरू कर दिया। दोनों शराब के नशे में थे। आरोप है कि इस दौरान दोनों युवक उसके बेटे गोविंद को शराब पिलाने के लिए साथ ले गए। उसने गोविंद को रोका भी लेकिन वह उसे धक्का मारकर उनके साथ चला गया। थोड़ी देर बाद घर के बाहर चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनाई दीं। जब वह बाहर आई तो देखा खेड़ा चौक पर तीनों एक दूसरे पर हमला कर रहे थे। बेटा गोविंद और उसका दोस्त आमिर गंभीर रूप से जख्मी थे। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस पीसीआर ने घायलों को जीएमसीएच-32 में भर्ती करवाया।