दो कारों की जबरदस्त टक्कर में पूरा परिवार उजड़ गया, एक ही परिवार के तीन लोगों की हादसे में जान चली गई। गुरुग्राम स्थित शीतला माता मंदिर में मत्था टेककर वापस लौट रहे एक परिवार के तीन सदस्यों की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में दो बच्चों सहित चार लोग घायल भी हुए हैं। पुलिस ने इस संबंध में आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव सांवड़ निवासी जितेंद्र सोमवार को अपने परिवार सहित शीतला माता के दर्शन के लिए गाड़ी से गुरुग्राम गया था। यहां पूजा कर सभी लोग देर शाम वापस गांव लौट रहे थे तभी फरूखनगर के समीप एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर दे मारी। हादसे में जितेंद्र की मां ओमबाई, पत्नी ममता व बेटी निकुंज की मौत हो गई जबकि जितेंद्र और उसका बेटा मन्नु गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं, घटना में स्विफ्ट कार में सवार लोगों को भी चोटें आईं। इन्हें उपचार के लिए झज्जर के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उपचार के दौरान स्विफ्ट चालक अमित ने भी दम तोड़ दिया। हादसे की खबर गांव सांवड़ पहुंचते ही मातम छा गया। पुलिस ने मंगलवार सुबह मृतकों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिये।