चंडीगढ़। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास में शामिल दो व्यक्तियों और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल दो चाकू भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। इनकी पहचान मलोया के रहने वाले 19 वर्षीय तुषार, दूसरे आरोपी की पहचान 19 वर्षीय अभिषेक उर्फ अभिया के रूप में हुई है। बुधवार दोपहर चंडीगढ़ के सेक्टर-39 पार्क में स्कूल छात्र होली खेल रहे थे। इसी बीच अचानक अज्ञात छात्र ने तेजधार हथियार से मलोया निवासी छात्र हर्ष पर हमला कर दिया था। जिसके बाद वह बाइक पर सवार होकर वहां से भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस ने जख्मी को सेक्टर-16 अस्पताल दाखिल कर अज्ञात पर मामला दर्ज किया था। इस मामले की वीडियो वायरल होने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए डीएसपी चरणजीत सिंह विर्क की अगुवाई में टीम गठित कर थाना प्रभारी नरेंदर पटियाल को शामिल किया। थाना प्रभारी नरेंदर पटियाल की टीम ने 24 घंटे के अंदर एक नाबालिग समेत दो अन्य को गिरफ्तार कर लिया है।
16 वर्षीय हर्ष ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सुबह 11.15 बजे जब स्कूल से सेक्टर-39 पार्क से होकर अपने घर जा रहा था तो इसी बीच तीन युवक मोटर साइकिल पर आए और पार्क के प्रवेश द्वार के पास अपनी बाइक खड़ी कर दी। उनमें से एक लड़का उसके पास आया, उसका रास्ता रोका और उस पर चाकू से हमला कर दिया। इससे उसके बाएं हाथ पर और पेट पर बाएं तरफ चोटें आईं। जख्मी हर्ष की निशानदेही पर पुलिस ने नाबालिग समेत दो को गिरफ्तार किया है।