चंडीगढ़। पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 की एक फैक्टरी से लगभग 24 लाख लूट के मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। इन तीनों का अदालत से पांच दिनों का रिमांड लेकर पूछताछ की जा रही है। जानकारी के मुताबिक पांच युवकों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। चोरों ने फैक्टरी में वारदात को अंजाम देते हुए सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए थे, ताकि उनकी पहचान न हो सके। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हल्लोमाजरा के शंभू (19), जगदीश उर्फ जग्गू (19) और ईडब्ल्यूएस कॉलोनी धनास के गंगाधर (20) के रूप में हुई है। सूत्रों के मुताबिक मामले में फरार दो आरोपियों में से एक राम मिलन उर्फ टिंडा रुपयों का भरा बैग लेकर फरार हुआ था। दोनों फरार आरोपी मूलरूप से उत्तर प्रदेश के बताए जा रहे हैं और चंडीगढ़ की कॉलोनियों में ही रह रहे थे। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने चोरी और ट्रेसपासिंग की धाराओं में बीते 16 अगस्त को यह मामला दर्ज किया था। वहीं इनसे चोरी के सामान में से कुछ नकदी की बरामदगी होने पर संबंधित धारा जोड़ दी गई है। मामले में शिकायतकर्ता सेक्टर 19 निवासी दिनेश गोयल ने बताया था कि प्लाट से लगभग 24 लाख रुपये की नकदी, एक खराब सैमसंग का मोबाइल फोन और एक बैंक की चेक बुक चोरी हुई थी।
स्वतंत्रता दिवस के अगले दिन पता चला
शिकायतकर्ता का गोयल ट्रेड के नाम से प्लाट में व्यापार चल रहा है। बीते 15 अगस्त को फैक्टरी बंद रखी हुई थी। 16 अगस्त को सुबह फैक्टरी के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे टूटे हुए थे। अंदर ऑफिस केबिन, रिसेप्शन और पीछे दरवाजे में लगा शीशा और प्लाई का दरवाजा उतरा हुआ था। अंदर तिजोरी गायब थी। बाहर वाले ऑफिस के केबिन में रखे चार लाख रुपये गायब थे। वहीं फैक्टरी के अंदर जांचने पर पैकर एरिया रूम में टूटा हुआ लॉकर था। इसमें से 20 लाख रुपये गायब थे। वहीं, ऑफिस के दराज में पड़ा सैमसंग का खराब पड़ा मोबाइल और बैंक की चेक बुक गायब थी।