चंडीगढ़। जिला अदालत ने चाकू की नोक पर पैसे व मोबाइल लूटने के तीन आरोपियों को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया। बरी होने वाले युवकों की पहचान अमित कुमार निवासी हल्लोमाजरा, धान सिंह निवासी सेक्टर-29 और रंजीत सिंह निवासी हल्लोमाजरा के रूप में हुई है। सेक्टर-31 थाना पुलिस ने तीनों युवकों को गिरफ्तार मामला दर्ज किया था। मौलीजागरां निवासी मैकेनिक राजू ने पुलिस को बताया था कि 17 जुलाई 2016 को वह साइकिल से इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 जा रहा था। इसी दौरान एक बाइक पर तीन युवक आए और उसे रोक लिया। एक युवक ने चाकू की नोक पर जेब से मोबाइल और दूसरे जेब से दो सौ रुपये निकाल लिए। इसके बाद तीनों बाइक पर बैठकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया था।