पुरानी रंजिश के चलते युवक पर चलाई थीं गोलियां
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। क्राइम ब्रांच ने डड्डूमाजरा में दो दिन पहले हुई फायरिंग की गुत्थी सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार वारदात पुरानी रंजिश का नतीजा थी। आरोपियों से एक देसी पिस्टल और पांच कारतूस बरामद किए गए हैं।
क्राइम ब्रांच ने डड्डूमाजरा कॉलोनी निवासी तीनों आरोपियों अजय उर्फ कुंडा, आर्यन उर्फ बोना और सागर उर्फ काजा को मलोया थाने के हवाले कर दिया है। घटना दीवाली से एक रात पहले की है। तीन बाइक सवारों ने डड्डूमाजरा निवासी विकास उर्फ बत्ती पर गोलियां चला दीं। हमले में विकास गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे पहले सेक्टर 16 अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही मलोया थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने तीनों हमलावरों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी अजय ने खुलासा किया कि करीब दो महीने पहले उस पर भी फायरिंग हुई थी जिसमें वह बाल-बाल बचा था। उसे शक था कि उस वारदात में विकास शामिल था। इसी रंजिश के चलते तीनों ने मिलकर रविवार रात को विकास पर हमला करने की योजना बनाई और गोलियां चला दीं।