संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। माल रोड स्थित अरोड़ा न्यूरो सेंटर की दो डॉक्टरों को धमकाकर 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में थाना डिवीजन आठ पुलिस ने कार्रवाई की है। शिकायत डॉ. नीलम अरोड़ा ने दर्ज करवाई थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी पुराने डॉक्टर मन्नू भार्गव के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
डॉ. नीलम अरोड़ा ने बताया कि आरोपी पहले उनके अस्पताल में काम करता था, लेकिन उसकी अनैतिक हरकतों और काम में लापरवाही के कारण उसे हटाया गया। इसके बाद मन्नू भार्गव ने डॉ. नीलम और डॉ. निहारिका अरोड़ा से 25 लाख रुपये की मांग की। रकम न देने पर आरोपी ने अस्पताल बंद कराने और जान से मारने की धमकी दी।
डॉ. ओ.पी. अरोड़ा ने बताया कि भार्गव ने डेढ़ महीने तक अस्पताल में काम किया, लेकिन उसकी कार्यशैली गंभीर नहीं थी। हटाए जाने के बाद उसने झूठी शिकायतें और धमकियां देना शुरू कर दिया। धमकियों के चलते पीड़ित डॉक्टर लंबे समय तक असुरक्षित महसूस कर रही थीं, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से मदद मांगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी डिटेक्टिव-2 ने आरोपी के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई नशा, अपराध और आपराधिक दबाव से जुड़े मामलों में लगातार सख्ती के हिस्से के रूप में की गई है।