पिंजौर। भूस्खलन के चलते पहाड़ी पर बने मकानों को खतरा होने पर मकान मालिकों ने प्रशासन सहित एनएचआई के खिलाफ रोष जताया। लोगों का कहना कि वह लंबे समय से समस्या अधिकारियों के सामने उठाते आ रहे हैं परंतु अभी तक सुनवाई नहीं हुई। चेतन, विनोद, चेतन गौतम, विशाल, कार्तिक शर्मा, प्रवीन आदि ने बताया कि बीते दिनों लगातार हो रही मूसलाधार बरसात के चलते पहाड़ी का भूस्खलन होने से मलबा बहकर नीचे आ गया जिसके चलते पहाड़ी पर बने करीब 178 मकानों को खतरा पैदा हो गया। मामले को लेकर उन्होंने प्रोजेक्ट डायरेक्टर एनएचएआई को समस्या के समाधान के लिए मांगपत्र भी सौंपा परंतु सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि उन्होंने 48 घंटे पहले फोन कर एसडीएम को समस्या की जानकारी दी परंतु अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। बुधवार को वह दोबारा एसडीएम कार्यालय में लेटर देकर आए हैं। मौके पर जेई अजय पहुंचे और उन्होंने भी मौका देखकर कहा कि स्थिति गंभीर है। लोगों ने कहा कि अगर मकानों को नुकसान पहुंचा तो वह प्रदर्शन के लिए मजबूर होंगे। मौके पर तहसीलदार कालका भी पहुंचे।