फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh News: मोहाली में जुटे हजारों किसान, आइसर से फैंदा तक रोड बंद, एयरपोर्ट आने-जाने वाले परेशान

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़/मोहाली/पंचकूला। मोहाली में रविवार शाम तक करीब सात हजार किसानों ने डेरा डाल लिया। मांगें मनवाने के लिए किसानों ने मोहाली-चंडीगढ़ सीमा पर जगतपुरा में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। पहले दिन जमकर नारेबाजी की। संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले प्रदर्शन 28 नवंबर तक चलेगा। धरने में 33 किसान संगठन हिस्सा ले रहे हैं। धरने के चलते आइसर से ट्रिब्यून चौक तक जाने वाली मुख्य सड़क फैदां तक बंद होने से एयरपोर्ट जाने-आने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। प्रदर्शन के दौरान एक एंबुलेंस भी फंस गई। उधर, किसानों को चंडीगढ़ में घुसने से रोकने के लिए पंजाब पुलिस के साथ चंडीगढ़ पुलिस ने भी पूरी तैयारी कर रखी है। दोनों तरफ सीमा पर बैरिकेडिंग कर करीब एक-एक हजार पुलिसकर्मियों व अद्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। मोहाली में आइसर से फैदां तक मुख्य सड़क के बंद होने से शहर के अंदरूनी सड़कों पर भार बढ़ गया है। फेज-11 मार्केट, सेक्टर-48 सी (गोल्फ रेंज) और नाइपर रोड से बावा व्हाइट हाउस के रास्ते पर बैरिकेडिंग से इलाके में रहने वाले लोगों को परेशानी हुई। गुरुद्वारा सिंह शहीदां से वाईपीएस चौक को जाती सड़क मोहाली से चंडीगढ़ की तरफ की भी बंद है। केवल एक तरफ का रास्ता चल रहा है।
विज्ञापन

वहीं, आइसर चौक से ट्रिब्यून चौक को आने-जाने वाली सड़क को रोककर किसान धरने पर बैठे हैं। इस कारण पुलिस को ट्रैफिक डायवर्ट करना पड़ा। ट्रैफिक डायवर्ट होने से फेज-8, फेज-9 और फेज-10 की अंदरूनी सड़कों पर ट्रैफिक बढ़ गया। इस कारण कई जगह पर जाम की स्थिति भी देखने को मिली। उधर, चंडीगढ़ पुलिस ने ट्रिब्यून चौक से आइसर की ओर जाने वाली मुख्य सड़क को फैदां के पास बंद कर यहां से ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया है। फैदां बैरियर पर किसानों को रोकने के लिए चंडीगढ़ पुलिस की ओर से कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। इलाका डीएसपी समेत लगभग एक हजार पुलिसकर्मी यहां तैनात हैं। पुलिस ने सेक्टर-48 की तरफ चंडीगढ़-मोहाली बॉर्डर पर भी बैरिकेडिंग कर दी है ताकि किसान चंडीगढ़ में दाखिल न हो सकें।
वहीं, ट्रिब्यून चौक से फैदां होकर मोहाली जाने वाले वाहन चालकों के लिए सेक्टर-47 के पास बैरिकेडिंग कर पुलिस ने यातायात ड्रायवर्ट किया है। पुलिस ने सेक्टर-48 मोटर मार्केट के पास बैरिकेडिंग की है। यहां पुलिसकर्मियों के साथ रैपिड एक्शन फोर्स की तैनाती की गई है। दूसरी तरफ आइसर मोहाली के पास पंजाब पुलिस के जवानों ने बैरिकेडिंग कर आइसर-ट्रिब्यून मुख्य सड़क को बंद कर दिया है।
विज्ञापन

चंडीगढ़ सेक्टर-48 में मोटर मार्केट के मोड़ पर डीएसपी दक्षिण दलबीर सिंह, सेक्टर-31 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राम रतन शर्मा, इंस्पेक्टर नीरज सरना और इंस्पेक्टर मनिंदर सिंह ड्यूटी पर तैनात रहे। डीएसपी ने डयूटी पर तैनात जवानों को सतर्क रहने और किसी भी समय स्थिति से निपटने के लिए तैयारी रखने को कहा है। इससे पहले बंदी सिखों की रिहाई की मांग के दौरान 8 फरवरी 2023 को सेक्टर-52 में किसानों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया था। ऐसे में पुलिस इस बार पहले से ज्यादा सतर्क है।
पुलिस ने फैदां बैरियर पर वज्र वाहन, घोड़ा फोर्स और सीटीयू बसें खड़ी कर दीं हैं ताक किसानों से निपटा जा सके।
पंचकूला, जीरकपुर और मोहाली की तरफ से आने वाले सभी एंट्री प्वाइंट्स पर पुलिस नजर बनाए हुए है। यदि कोई ट्रैक्टर-ट्राली लेकर अंदर आ रहा है तो पुलिस जवान उन्हें वापस भेज रहे हैं। पुलिस को शक है कि ट्रैक्टर-ट्राली समेत पब्लिक ट्रांसपोर्ट के जरिए किसान शहर के घुस सकते है। पुलिस ने बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर भी जवानों की तैनाती कर रखी है।

किसानों को रोकने के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था
मोहाली और चंडीगढ़ प्रशासन ने किसानों को रोकने के लिए तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था बनाई है। इसमें पहली पंक्ति में पंजाब पुलिस, उसके बाद चंडीगढ़ पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। वहीं दूसरी पंक्ति में रैपिड एक्शन फोर्स और अर्धसैनिक जवान तैनात किए जाएंगे। इनके साथ वज्र वाहन और वाटर कैनन जैसे वाहन भी तैनात रहेंगे। तीसरी पंक्ति में केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान तैनात रहेंगे। मोहाली में एसपीडी अमनदीप सिंह बराड़ सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल रहे हैं।

आज मुख्यमंत्री भी शहर में, किसान आंदोलन के चलते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
महापड़ाव के पहले दिन रविवार को सुबह से लेकर देर शाम तक पंचकूला सेक्टर-5 स्थित धरनास्थल पर किसानों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। रविवार को पहले दिन करीब 500 किसान धरनास्थल पर पहुंचे। हालांकि यहां कुल 900 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। किसान करीब 150 वाहनों से यहां पहुंचे हैं। इनमें ट्रैक्टर-ट्राली समेत अन्य वाहन मौजूद हैं। किसान खाने-पीने और रहने का सामान लेकर धरनास्थल पर पहुंचे हैं। पहले दिन किसानों ने शांतिपूर्वक प्रदर्शन किया। किसानों के प्रदर्शन और चंडीगढ़ कूच के एलान को देखते हुए पंचकूला समेत तीन जिलों की पुलिस बलाई गई है। इनमें डीएसपी, इंस्पेक्टर, एसआई सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं। सेक्टर-5 में 8 पुलिस नाके उनपर करीब 50 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है और आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है।
सीआईडी रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुपर्व पर सोमवार को पंचकूला में 2500 से 3000 किसानों के जमा होने की संभावना है। किसानों के पहले नाडा साहिब में मत्था टेकने की सूचना है और उसके बाद वह पंचकूला सेक्टर-5 की ओर कूच करेंगे। ऐसे में पुलिस विभाग की ओर से नाडा साहिब में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बता दें कि सीएम मनोहर लाल भी गुरुपर्व पर नाडा साहिब गुरुद्वारे में माथा टेकेंगे। ऐसे में सीएम की सुरक्षा को लेकर भी नाडा साहिब गुरुद्वारा में भारी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। डीजीपी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं ताकि किसी तरह की गड़बड़ी न हो।
उधर, भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष रतन मान ने कहा कि तीन दिन के महापड़ाव में किसानों के16-17 संगठन व ट्रेड यूनियन के करीब 14 संगठनों के सदस्य भाग लेंगे। किसान आंदोलन के लंबित मामलों को लागू करवाने के लिए किसान तीन दिवसीय महापड़ाव में भाग ले रहे हैं। हरियाणा के 6 प्रतिशत किसानों के एमएसपी के ऊपर बिक रहा है। हमारी डिमांड है देश को मजबूत करने और बेरोजगारी को खत्म करने की। सरकार द्वारा बनाए गए कानूनों में से एक भी कानून किसान, मजदूर, छोटे व्यापारी, दुकानदार सहित अन्य कर्मचारियों के खिलाफ है। जब तक कानून किसानों के हक के नहीं बनते तब तक लड़ाई जारी रहेगी।


गुरुपर्व पर बड़ी संख्या में नाडा साहिब पहुंचेंगे लोग
गुरुपर्व पर पंचकूला पुलिस की ओर से नाडा साहिब से सेक्टर-5 धरनास्थल की ओर आने वाले रास्तों पर पुलिस बल को तैनात किया जाएगा ताकि लोगों को ट्रैफिक जाम की समस्या का सामना नहीं करना पड़े। साथ ही पुलिस द्वारा किसानों के लंबे काफिले को देखते हुए बी-प्लान बनाया गया है ताकि शहर के लोगों को एक जगह से दूसरे जगह जाने में किसी भी तरह की समस्या न हो। किसानों के काफिले के दौरान पुलिस द्वारा ट्रैफिक को कहां-कहां से डायवर्ट किया जाएगा इसकी पूरी प्लानिंग की जा चुकी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें