शिअद सांसद प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा ने कहा है कि केंद्र सरकार ने विदेश में भारतीय काउंसलेट के 40 सब-ऑफिस खोलने का फैसला किया है। इससे विदेश में रहने वाले भारतीयों को बड़ी राहत मिलेगी।
चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान चंदूमाजरा ने कहा कि विदेशों में हर देश में भारतीय काउंसलेट का एक-एक दफ्तर ही है, जबकि भारतीय कई शहरों में रहते हैं। जिन्हें मंजूरियां लेने में दो-तीन दिन लग जाते हैं। उनकी अपील के बाद विदेश मंत्रालय ने कई देशों में (जहां भारतीयों की संख्या ज्यादा है) 40 सब-ऑफिस खोलने का फैसला किया है।
उन्होंने कहा कि विदेशों में राजनीतिक शरण लेकर रह रहे लोग कानूनों के तहत भारत अपने परिजनों से मिलने नहीं आ सकते थे। उन्होंने लोकसभा में यह मुद्दा उठाया था, विदेश मंत्री से भी बात की थी। जिन्होंने स्पष्ट किया है कि ऐसे लोग अब दो साल के लिए भारत आ सकते हैं।