योग से लेकर लंबी और ऊंची कूद तक खिलाड़ियों ने दिखाया दम, मैत्री और अंजू ने भी जीते पदक
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। नर्सिंग अधिकारियों की तीसरी वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रतियोगिता में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े नर्सिंग अधिकारियों ने उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा, मेहनत तथा खेल भावना का प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य व्यस्त ड्यूटी के बीच नर्सिंग अधिकारियों को शारीरिक रूप से फिट रहने, खेल गतिविधियों से जुड़ने और आपसी मेलजोल बढ़ाने का अवसर प्रदान करना था।
प्रतियोगिता के दौरान महिला योग, पुरुष एवं महिला लंबी कूद और ऊंची कूद सहित विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं। खिलाड़ियों ने अनुशासन, समर्पण और खेल भावना के साथ हिस्सा लिया। महिला योग स्पर्धा में मैत्री ने पहला, राज वंशिका ने दूसरा और सुमन ने तीसरा स्थान हासिल किया। पुरुष लंबी कूद में योगेंद्र सिंह पहले और अनुप दूसरे स्थान पर रहे। महिला लंबी कूद में शिवानी धीमान ने पहला, अंजू ने दूसरा और मैत्री ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
ऊंची कूद में भी दिखा खिलाड़ियों का दम
पुरुष ऊंची कूद स्पर्धा में योगेश सिंह ने पहला, नदीम ने दूसरा और जैकब ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं, महिला ऊंची कूद में अंजू पहले, प्रीति दूसरे और पूजा रानी तीसरे स्थान पर रहीं।
बॉक्स: फिटनेस और टीम भावना को बढ़ावा
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य नर्सिंग अधिकारियों को व्यस्त कार्यशैली के बीच खेलों के लिए समय निकालने, शारीरिक फिटनेस बनाए रखने और आपसी सहयोग की भावना मजबूत करने के लिए प्रेरित करना था। आयोजन के माध्यम से प्रतिभागियों ने खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया। ऐसे आयोजन स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों को कार्य के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य और फिटनेस पर ध्यान देने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।