चंडीगढ़। छुट्टी में ससुराल गए व्यक्ति के बंद घर में सेंधमारी कर चोर लाखों रुपये की ज्वेलरी और कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। चोर घर का पिछला दरवाजा तोड़ अंदर दाखिल हुए और चोरी की वारदात को अंजाम दे गए। मामले का पता पीड़ित को तब चला जब वह चार दिन की छुट्टी के बाद वापस चंडीगढ़ सेक्टर-35 ए स्थित अपने घर पहुंचा। मामले में सेक्टर-36 थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-35 ए के रहने वाले इष्प्रीत सिंह शेरगिल ने थाने में अपने बंद पड़े घर से लाखों रुपये के गहने चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित ने बताया कि वह आईटी कंपनी में नेटवर्किंग का काम करता है। घर के ग्राउंड फ्लोर पर वह और पहली मंजिल पर उसका भाई रहता था लेकिन हफ्ते भर पहले उसका भाई किसी दूसरी जगह रहने के लिए चला गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ दो जून से छह जून तक अमृतसर स्थित अपने ससुराल गया हुआ था। ससुराल से वापस लौटने पर उसने देखा कि मकान का पिछला दरवाजा टूटा हुआ पड़ा है और अंदर मौजूद ज्वेलरी चोरी हो चुकी है।
पीड़ित ने बताया कि चोर घर में रखे सोने के गहने और कीमती सामान चोरी कर ले गए। चोरी हुई ज्वेलरी में एक दो सोने के कड़े, दो सोने की चूड़ियां, 6 सेट सोने की इयररिंग्स, दो सोने के नेकलेस, बच्चों के दो सोने के कड़े, एक सोने का टीका और एक सोने का झुमका शामिल है। मामले में सेक्टर-36 थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।