जालंधर। देहात के लांबड़ा क्षेत्र के गांव भगवानपुर में चोरों ने एक बंद पड़े मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने के गहने, नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित परिवार जब घर लौटा तो भीतर का दृश्य देख दंग रह गया। कमरों में सारा सामान बिखरा पड़ा था, अलमारियां खुली थीं और मुख्य दरवाजे सहित अन्य दरवाजों के ताले टूटे हुए थे। हालात देखकर आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने पूरी योजना के साथ वारदात को अंजाम दिया।
थाना लांबड़ा के गांव भगवानपुर निवासी अमृत सिंह ने बताया कि 31 दिसंबर को वह परिवार सहित निजी कार्य से बाहर गए थे और घर को ताला लगाकर बंद किया था। तड़के लौटने पर उन्होंने देखा कि चोर घर से लाखों रुपये मूल्य के सोने के गहने, करीब 80 हजार रुपये नकद, दो महंगे ब्रांड के बैग, दो मोबाइल फोन और दो कीमती घड़ियां चोरी कर ले गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही थाना लांबड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और घर का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज कर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच के तहत आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा। संवाद