दो दिन पहले जीरकपुर के ढकोली क्षेत्र में स्थित गुलमोहर एवेन्यू सोसाइटी में एक बंद घर से चोरों ने लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया था। इसकी शिकायत परिवार ने ढकोली पुलिस में दर्ज करवा दी लेकिन दो दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा। इसके बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस का काम करते हुए आसपास की सारी सीसीटीवी फुटेज इकट्ठी की और दो चोरों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया लेकिन पुलिस ने चोरों को एक घंटा बिठाकर कुछ पूछताछ की और उन्हें वापस भेज दिया।
पीड़ित परिवार के सचिन कुमार का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में चोर बैग में चोरी का सामान ले जाता दिख रहा है। इस दौरान वहां मौजूद एक गार्ड ने उनसे पूछा था कि बैग में क्या है तो उन्होंने कहा था कि कुछ मोटरें हैं जिन्हें ठीक करवाने के लिए लेकर जा रहे हैं। इसके लिए वह ऑटो चालक से मोल भाव कर रहे थे। सिक्योरिटी गार्ड ने पुलिस को अपना बयान भी दर्ज करवा दिया है। फिर भी पुलिस मामला दर्ज नहीं कर रही है। वह पिछले दो दिन से सोसाइटी के लोगों को साथ लेकर घंटों थाने में बैठकर निराश लौट आते हैं लेकिन पुलिस कुछ नहीं कर रही है।
यह भी पढ़ें: Punjab: पहले पंजाब टूरिज्म समिट ट्रेवल मार्ट का मोहाली मे आगाज, जुटी पर्यटन उद्योग से जुड़ीं हस्तियां
हैरानी की बात तो यह है कि चोरों को यह कहकर छोड़ दिया है कि उनके पास कोई सामान नहीं मिला। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने उनसे अच्छी तरह पूछताछ भी नहीं की। अब यदि ढकोली पुलिस ने उनकी सुनवाई न की तो वह उच्च अधिकारियों को इसकी शिकायत करेंगे।
प्लंबर पर शक निकला सही
सचिन देवा ने बताया कि वह चोरी का पता लगने के बाद जैसे ही बेंगलूरू से घर पहुंचे तो चोरी का पता चला। इसकी शिकायत पुलिस में दी लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही थी तो उन्होंने खुद ही चोरों की तलाश करनी शुरू की। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज की मदद से पता चला कि जहां से घर में काम करवाने के लिए प्लंबर व मजदूर लिए थे उनमें से दो मजदूर चोर हैं जिनके खिलाफ चोरी के पहले से कई मामले दर्ज हैं। इस पर उन्हें पकड़ कर पुलिस के हवाले भी कर दिया लेकिन पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया।
गुलमोहर एवेन्यू में हुई चोरी की शिकायत मेरे पास आई थी। जांच की जा रही है। सोसायटी के लोगों ने शक पर जिन दो युवकों को पकड़ कर पुलिस के हवाले किया। पूछताछ में लगा कि वह चोर नहीं है, इस पर उन्हें छोड़ दिया है। किसी बेकसूर पर केस दर्ज नहीं किया जा सकता। मामले में जांच जारी है और जल्द ही असल चोरों को पकड़ लिया जाएगा।
-अमरजीत सिंह, जांच अधिकारी, थाना ढकोली