शहर के कई सेक्टरों में घरों के बाहर सुखाए जाने वाले महंगी जैकेट चोरी की घटनाएं आईं सामने सेक्टर-23 में जैकेट चोरी करते हुए एक एक्टिवा सवार युवक सीसीटीवी कैमरों में कैद
पहचान में न आ जाए हेलमेट पहनकर देता है वारदात को अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। शहर के कई रिहायशी सेक्टरों में घरों के बाहर सुखाए जाने वाले महंगी जैकेट चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। सेक्टर-55 और सेक्टर-23 में जैकेट चोरी करते हुए एक एक्टिवा सवार युवक सीसीटीवी कैमरों में कैद हुआ है जो मौके देखकर घरों के बाहर टंगी जैकेट चुराकर भाग जाता है। हेलमेट पहनकर वारदात को अंजाम देता है।
आरोपी हेलमेट पहनकर इलाके में रैकी करता है। जैसे ही उसे घरों के बाहर महंगे जैकेट नजर आती है वह तुरंत एक्टिवा रोकता है और जैकेट उठाकर पलक झपकते ही भाग जाता है। आरोपी की यह पूरी गतिविधि कई जगह लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। हालांकि अब तक किसी भी पीड़ित ने कपड़ों की चोरी को लेकर पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। इसी वजह से पुलिस भी असमंजस में है कि आरोपी के खिलाफ किस स्तर की कानूनी कार्रवाई की जाए।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। बीट बॉक्स पुलिस मुस्तैद हो गई है और आरोपी पर नजर रख रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घरों के बाहर महंगे कपड़े या सामान न सुखाएं। अगर कोई बार-बार उनके इलाके में घूमता नजर आता है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।