2019 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में जब भारतीय जनता पार्टी ने अपनी आखिरी सूची जारी की तो सभी चौंक गए थे। भाजपा ने आदमपुर विधानसभा सीट से टिकटॉक स्टार सोनाली फोगाट का नाम घोषित किया तो अचानक ये सीट हॉट सीट बन गई। दरअसल चर्चा इस बात से भी ज्यादा थी कि पहले भाजपा की टिकट पर जिसकी दावेदारी बताई जा रही थी, वो हरियाणा की प्रसिद्ध कलाकार सपना चौधरी थीं। सपना चौधरी को शिकस्त देने वाली सोनाली फोगाट रातों रात चर्चा में आ गई।
वैसे सोनाली फोगाट हिसार के ही नलवा हलके से अपनी दावेदारी जता रही थीं। उन्होंने नलवा हलके में पिछले दो-तीन साल से सक्रियता भी बढ़ाई हुई थी। मगर पार्टी ने उन्हें आदमपुर से टिकट दी। खुद सोनाली फोगाट का कहना था कि उन्होंने नलवा से टिकट मांगी थी, लेकिन पार्टी ने आदमपुर से मैदान में उतारा। इस सीट पर उनका मुकाबला कुलदीप बिश्नोई से हुआ। सोनाली चुनाव हार गई थीं। सोनाली के पति संजय फोगाट भाजपा नेता थे। भाजपा ने उन्हें पार्टी की प्रदेश महिला मोर्चा इकाई का उपाध्यक्ष नियुक्त किया था।
सोनाली फोगाट पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन से प्रेरित होकर राजनीति में आई थीं। सोनाली सुमित्रा महाजन के सामाजिक कार्यों से प्रभावित थीं। उन्होंने सुमित्रा महाजन के साथ सामाजिक कार्यों में भाग लिया। उन्होंने झारखंड और मध्यप्रदेश में जनजातीय क्षेत्रों के लोगों के लिए काम किया। 2013 में भाजपा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी ने उन्हें अपने गृह प्रदेश हरियाणा में भेजा। उन्होंने सोनाली को राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य बनाया। इसके बाद उन्हें भाजपा का महिला मोर्चा का प्रदेश उपाध्यक्ष भी बनाया गया।