चंडीगढ़। अमरनाथ में बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए यात्रा वीरवार को शुरू हो गई है। शहर के श्रद्धालु भी दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। शहर के कारोबारी गिरीश गर्ग अपनी पत्नी लक्ष्मी गर्ग के साथ बालटाल पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पवित्र गुफा में पहुंचे और इसके बाद शाम को लौटना शुरू हो गए हैं। इस दौरान श्रद्धालु बाबा की गुफा से बालटाल तक जयकारे लगाते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह वहां पर बाबा बर्फानी से ट्राइसिटी में रहनेवाले लोगों की सुख, समृद्धि और शांति की कामना करेंगे।
गिरीश गर्ग ने बताया कि वे गौरी शंकर सेवादल के शिविर में ठहरे हुए हैं। शुक्रवार की सुबह पवित्र गुफा के लिए प्रस्थान करेंगे। उन्होंने बताया कि वह वर्ष-2008 से ही बाबा का दर्शन करते आ रहे हैं। कोविड काल के दौरान जब यात्रा बंद हुई तो उस दौरान को छोड़कर हर बार यात्रा करके बाबा बर्फानी के दर्शन किए हैं। उन्होंने बताया कि वहां पर किसी भी प्रकार का डर भय नहीं है। जब जेएंडके का बहुत बुरा समय था उस दौरान भी यात्रा की थी। किसी प्रकार की कोई चिंता नहीं है। बाबा से ट्राइसिटी में रहनेवाले लोगों की सुख, समृद्धि और शांति की मंगल कामना करेंगे।