मोहाली। फेज-4 स्थित एचएम घरों के निवासी बारिश के पानी की निकासी की पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण परेशान हैं। उन्होंने अब प्रशासन के खिलाफ अदालत में याचिका दायर करने की तैयारी कर ली है। निकासी के अभाव के कारण जब भी सामान्य से अधिक बारिश होती है तो जमा हुआ बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस जाता है और कीमती सामान खराब हो जाता है। पुडा के सेवानिवृत्त एक्सईएन और सामाजिक कार्यकर्ता नेता एनएस कलसी ने कहा कि फेज-4 के निवासियों को हर साल बारिश के पानी की मार झेलनी पड़ती है। लोगों को कई बार स्थानीय नगर निगम और प्रशासन से गुहार लगा चुके हैं लेकिन प्रशासन की कार्रवाई से इलाके के लोगों को कोई राहत नहीं मिल रही है। निवासियों ने डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन को भी पत्र लिखा है जिसमें उन्होंने 23 अगस्त को सुबह-सुबह हुई बारिश के कारण लोगों के घरों में पानी घुसने की समस्या से अवगत कराया और इसके समाधान की मांग की है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर प्रशासन ने इस समस्या के समाधान के लिए पर्याप्त कार्रवाई नहीं की तो इलाके के लोग प्रशासन के खिलाफ न्यायालय में याचिका दायर करेंगे।