चंडीगढ़ प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने कहा कि शहरवासियों को दी गई छूट केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत आर्थिक गतिविधियों को फिर से शुरू करने के उद्देश्य से दी गई है। उन्होंने अपील की कि वह शारीरिक दूरी बनाकर स्वच्छता के साथ खरीदारी करें। दिए गए छूट का दुरुपयोग न करें और बाहर जाते समय उचित देखभाल और सावधानी बरतें।
प्रशासक ने मार्केट एसोसिएशन, ट्रेडर्स और दुकानदारों से आग्रह किया है कि वह मार्केट एरिया को सैनिटाइज करते रहें। इसके अलावा यह भी ध्यान रखें कि खरीदारी करते समय शारीरिक दूरी का पालन हो और ग्राहकों ने मास्क पहना हो। दुकान के बाहर हैंड सैनिटाइजर भी रखें। ट्राइसिटी के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में प्रशासक को बताया गया कि अब तक 18 स्पेशल श्रमिक ट्रेन और बसों के माध्यम से 24,867 प्रवासी मजदूरों, छात्रों व अन्य फंसे हुए लोगों को घर भेजा गया है।
प्रशासक ने डायरेक्टर हेल्थ सर्विसेज को आदेश दिया कि वह कंटेनमेंट जोन बापूधाम और सेक्टर-30बी में सख्त निगरानी रखें। प्रशासक ने पीजीआई के डायरेक्टर और अन्य वरिष्ठ डॉक्टरों के साथ एक विस्तृत चर्चा की। डॉक्टरों की इस टीम ने सेक्टर-26 स्थित बापूधाम में कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए उपाय सुझाए हैं। प्रशासक ने अधिकारियों को उपायों पर काम करने के निर्देश दिए।