शहर के रेलवे रोड पर बुधवार रात चोरों ने तीन दुकानों को निशाना बनाया। चोर करीब 16 लाख के सामान अपने साथ ले गए। इनमें नकद, जेवर और अन्य कीमती सामान शामिल है। घटना से आक्रोशित दुकानदारों ने आरोप लगाया कि पुलिस चौकसी में खामी के कारण ही ऐसी वारदात हुई है।
बताया जाता है कि विजय क्लॉथ हाउस, कमला क्नीनिक व कनिष कम्यूनिकेशन नामक रेलवे रोड की तीन दुकानों समेत यहां स्थित अन्य दुकानों के मालिक बुधवार देर शाम अपनी-अपनी दुकान बंद कर घर चले गए। इसी बीच देर रात को उक्त तीनों दुकानों में चारी की घटना हुई। विजय क्लॉथ हाउस के मालिक ने बताया कि उनकी दुकान से चोरों ने 50 हजार के कपड़े व कंबल तथा करीब 25 हजार नकदी चुरा ले गए।
वहीं कनिष कम्यूनिकेशन के मालिक सचिन ओहरी ने बताया कि चोरों ने उनकी दुकान से करीब 5 से साढ़े 5 लाख के मोबाइल चुराए। वहीं कमला क्लीनिक के मालिक राजेश गुप्ता ने कहा कि उन्हें 5 अक्तूबर को अपने परिवार के साथ वृंदावन जाना था। बैंकों की छुट्टियों के कारण उन्होंने घर पर रखे गहनों को दुकान में बनी तिजोरी में रखा था।
दुकान पर रखा 15 तोले का गोल्ड सेट, दो पांच तोले के कड़े, चार चूड़ियां, आधे तोले की नथ व 18500 रुपये कैश पर चोरों ने हाथ साफ कर लिया। हताश दुकानदारों ने बताया कि चोरी की घटना की जानकारी उन्हें सुबह मिली। उन्होंने मामले की सूचना थाना डिवीजन नंबर एक की पुलिस को दी। मौके पर डॉग स्कॉड की टीम व डीएसपी सिटी मनोज ने भी जांच की।
सीढ़ी साथ लेकर आए थे चोर
रेलवे रोड स्थित तीन दुकानों में चोरी करने आए चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे। वे अपने साथ लोहे की सीढ़ी भी लाए थे, जिसे लगाकर वह दुकानों की छतों पर पहुंचे। वहां से दरवाजे तोड़कर उन्होंने दुकान के भीतर प्रवेश किया और वारदात को अंजाम दिया।
15 अगस्त को भी हुई थी घटना
इससे पहले भी रेलवे रोड स्थित एक दुकान से चोरों ने शटर तोड़कर एक लाख 35 हजार की चोरी की थी। यह घटना गत 15 अगस्त की रात हुई थी। पुलिस मामले का खुलासा नहीं कर सकी।