मोहाली। गांव दैड़ी में एक हार्डवेयर स्टोर से सबमर्सिबल मोटर, 30 नल और तारों के बंडल चोरी हो गए। इस संबंध में शिकायतकर्ता कुलविंदर सिंह निवासी गांव नगारी की शिकायत पर थाना सोहाना पुलिस ने नौ लोगों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान लखन उर्फ चोको, सलीम, अशोक, मति, बिंदा, सलीम, सलमा सीमा और सपना के रूप में हुई है।
शिकायतकर्ता कुलविंदर सिंह वासी गाड़ी ने बताया कि उनकी रामधनी के बस स्टैंड के पास हार्डवेयर की दुकान है। 19 जून को वह अपनी दुकान बंद करके घर चले गए। सुबह जब आए तो देखा कि दुकान के ताले टूटे हुए थे और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जब दुकान का सामान चेक किया तो देखा कि दुकान में से 1 हॉर्स पावर की 5 सबमर्सिबल मोटर, 30 नल, तारों के बंडल और अन्य सामान गायब था।
इस पर उन्होंने आसपास पता किया तो पास ही ढाबा चलाने वाले शख्स ने बताया कि रात करीब एक बजे जब वह घर जा रहा था तो उसने उनकी दुकान के आगे हरियाणा नंबर की वैगनआर कार लगी देखी तो उन्होंने पूछा कि यहां कार क्यों खड़ी कर रखी है। इस पर उन्होंने कहा कि गाड़ी खराब हो गई है। वह अभी धक्का लगाकर स्टार्ट कर लेंगे और फिर चले जाएंगे। इसके बाद वह चला गया और सुबह चोरी का पता चला।
गांव माणकपुर कल्लर में हार्डवेयर की दुकान पर भी की थी चोरी
पीड़ित ने बताया कि गांव माणकपुर कल्लर में हार्डवेयर की दुकान में भी आरोपियों ने चोरी की थी। इस दौरान भी हरियाणा नंबर की वैगनआर का इस्तेमाल किया गया था। इतना ही नहीं, पकड़े गए तीन आरोपियों ने उनकी दुकान में चोरी करने की बात भी कबूल ली है।