आमतौर पर नाटक में रोमांटिक दृश्यों के लिए कम प्रयोग किए जाते हैं। इसलिए नाटक में रोमांस को एक नया रूप दिखाने के लिए अब प्रोजेक्टर का इस्तेमाल किया जाएगा। यह कहना है थिएटर निर्देशक रवि मोहन का।
रास कला मंच और डिपार्टमेंट ऑफ कल्चरल अफेयर, हरियाणा और चंडीगढ़ संगीत नाट्य अकादमी के सौजन्य से टैगोर थिएटर में शुक्रवार से तीन दिवसीय पांचवां नेशनल थिएटर फेस्टिवल शुरू हो रहा है। इसे नाम दिया गया है ‘चलो थिएटर’।
हरियाणा के थिएटर ग्रुप रास कला मंच के निदेशक रवि मोहन पिछले 16 साल से थिएटर से जुड़े हैं और इस फेस्टिवल के तहत वह अपना नाटक ‘दूसरा आदमी, दूसरी औरत’ को मंचित करेंगे। नाटक के बारे में बताते हुए रवि ने कहा कि यह नाटक शादी के बाद हुए प्यार पर आधारित है।
यह विषय चुनने के पीछे मकसद यह था कि इसमें सिर्फ दो कलाकार हैं। इसलिए इसे निर्देशित करना आसान था। साथ ही यह विषय आजकल के लोगों की जिंदगी से जुड़ा हुआ है। नाटक को विभा रानी ने लिखा है।
उन्होंने कहा कि नाटक का विषय बेशक थोड़ा बोल्ड हो, लेकिन इसे कई छोटे राज्यों के लोगों ने खूब सराहा है। रवि एनएसडी से पास आउट है और कई प्रसिद्ध कलाकारों से ट्रेनिंग ले चुके हैं। साथ ही अब तक कुल 25 नाटक का निर्देशन कर चुके हैं।
हरियाणा सरकार आए आगे
रवि ने कहा कि हरियाणा में थिएटर डिपार्टमेंट को लेकर सिर्फ एक इंस्टीट्यूट है। हालांकि इसे यूनिवर्सिटी में भी शामिल किया जाना चाहिए। साथ ही सरकार ने इस क्षेत्र में बहुत कम अवार्ड रखे हैं।
वह चाहते हैं कि थिएटर में जिन्होंने हरियाणा से योगदान दिया है, उसे सम्मानित किया जाए। उन्होंने कहा कि हरियाणा में थिएटर अभी उतना ग्रो नहीं कर पाया है जितना बाकी शहरों में।
जादू का करते हैं प्रयोग: मनीष
रवि के साथ उनके सहयोगी मनीष जोशी ने बताया कि पहले वह जादूगर थे, लेकिन बाद में उन्होंने अपने इस हुनर को नाटकों में भी इस्तेमाल करने की सोची। वह गुड़गांव में मशहूर नाटक जंगूरा का हिस्सा रह चुके है, जिसमें वह ऑपरेशन हेड थे। यह नाटक ब्रिटिश नाटककार डेविड फ्रीमैन द्वारा निर्देशित था। इसके बाद वह रवि के साथ हरियाणा में थिएटर को बढ़ावा देने के लिए रास कला मंच से जुड़े।
तय कार्यक्रम
- 25 अप्रैल को अबाउट राम (रामायण के एक दृश्य पर आधारित पपेट शो), निर्देशक अनुरुपा राय
- 26 अप्रैल को दूसरा आदमी, दूसरी औरत, निर्देशक रवि मोहन
- 27 अप्रैल अर्जेंट मिटिंग, जेपी सिंह निर्देशक
सभी नाटक शाम सात बजे से शुरू होंगे।