इसराना। गांव डाहर छतेहरा वासी एक युवक की हत्याकर शव को जलाने के प्रयास के मामले में उसके परिजनाें ग्रामीणों के साथ इसराना थाना पहुंचकर साजिश के तहत घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया।
उन्हाेंने इस मामले की निष्पक्ष जांच करके आरोपियाें को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है। बुधवार को थाना प्रभारी को दी लिखित शिकायत में युवक योगेश के पिता संतराम ने बताया कि सोमवार की शाम उसके मोबाइल पर किसी परिचित का फोन आने पर वह घर से निकल गया।
परिजनों ने योगेश के पास उसी दिन रात नौ बजे फोन किया तो योगेश का कहना था कि वह अपने एक दोस्त के पास रुक गया है, सुबह घर वापस आ जाएगा।
मंगलवार सुबह इसराना पुलिस ने फोन कर उन्हें सूचित किया कि उनका लड़का योगेश पीजीआई रोहतक में भर्ती है। जब वे पीजीआई रोहतक पहुंचे तो उन्हें योगेश का शव सौंप दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि कुछ लोगाें ने साजिश रच कर योगेश को बुला कर डाहर में हत्या कर उसके शव को फूंकने का प्रयास किया है।
मृतक के पिता संतराम ने पुलिस को दी शिकायत में योगेश के फोन की काल डिटेल निकालकर साजिशकर्ता और हत्यारोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।