चंडीगढ़। इलेक्ट्रिक कार या बाइक चलाने वाले लोगों को अक्सर लंबी दूरी पर निकलने से पहले सोचना पड़ता है कि रास्ते में वह वाहन को कैसे चार्ज करेंगे। इस समस्या का जल्द ही समाधान होगा। केंद्र सरकार ने चंडीगढ़ समेत सभी राज्यों व यूटी के लिए नए दिशानिर्देश जारी किए हैं। इसके तहत सभी को प्रत्येक 20 किमी पर ईवी चार्जिंग स्टेशन लगाने की जिम्मेदारी दी गई है। चंडीगढ़ में यह निर्देश सिर्फ पूरे ही नहीं हुए हैं, बल्कि नया रिकॉर्ड भी है कि 10 किमी के अंदर वर्तमान में ही करीब 14 ईवी चार्जिंग स्टेशन मौजूद हैं। अन्य कई पर काम चल रहा है।
केंद्र सरकार ने इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की स्थापना और संचालन के लिए दिशा निर्देश 2024 जारी किए हैं। यह देश भर में चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना में तेजी लाने के लिए डिजाइन किया गया एक ढांचा है। दिशा-निर्देश 2024 में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित अंतराल पर सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशनों का निर्माण अनिवार्य किया गया है। कहा गया है कि यदि किसी को चंडीगढ़ से दिल्ली या दिल्ली से शिमला की यात्रा करनी है, तो ईवी से भी कर सकेंगे।
राजमार्ग पर प्रत्येक 20 किलोमीटर पर एक चार्जिंग पॉइंट मिलेगा। इसे लेकर निर्देश जारी किए जा चुके हैं और कई स्टेशन स्थापित भी हो चुके हैं। साथ ही चार्जिंग उपकरण के निर्माता या वाहन के प्रकार की चिंता किए बिना किसी भी चार्जिंग स्टेशन पर अपने वाहन चार्ज कर सकेंगे। स्मार्ट चार्जर बनाने पर भी काम चल रहा है, जो लागत कम करेंगे। स्टेशनों के लिए कड़े सुरक्षा मानकों को अनिवार्य किया गया है, जिसमें अग्नि सुरक्षा, विद्युत खतरे से सुरक्षा और स्पष्ट संकेत शामिल हैं। दिशानिर्देश में सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) से चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना में तेजी लाने को कहा गया है।
चंडीगढ़ में कहां-कहां है चार्जिंग स्टेशन, मोबाइल एप ''इलेक्ट्रिवा'' पर मिलेगी जानकारी
चंडीगढ़ में फिलहाल 14 चार्जिंग स्टेशन संचालित हो रहे हैं और जल्द ही 4-5 और स्टेशन शुरू होने की उम्मीद है। प्रशासन की तरफ से बताया गया है कि नागरिक इन स्टेशनों की वास्तविक समय में जानकारी ''''''''इलेक्ट्रिवा'''''''' एप के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं। एप को डाउनलोड करने के बाद स्टेशन की जानकारी मिलेगी ही साथ ही ये भी पता चल जाएगा कि कितने चार्जिंग पॉइंट्स हैं और रेट क्या है। हालांकि अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में बहुत कम लोग ही ईवी चार्जिंग स्टेशन का इस्तेमाल कर रहे हैं, क्योंकि अधिकतर लोग अपने घर पर ही वाहनों को चार्ज कर लेते हैं।
शहर में चोरों के निशाने पर ईवी चार्जिंग स्टेशन, लगातार हो रही चोरी
शहर के ईवी चार्जिंग स्टेशन चोरों के निशाने पर भी हैं। इसी साल मार्च महीने में सबसे बड़ी चोरी हुई थी। सेक्टर-42 स्थित न्यू लेक के पॉम गार्डन की पार्किंग में ईवी चार्जिंग स्टेशन से चोरों ने नौ फास्ट चार्जिंग मशीनों पर हाथ साफ किया था। सात मशीनों में से पुर्जा-पुर्जा निकाल ले गए और दो मशीनें ही उठा ले गए। इसके बाद जीएमएसएच-16 की दीवार के साथ पार्किंग में लगी करीब 17 मशीनों के चार्जिंग गन चोरी हो गए। मध्यमार्ग पर सेक्टर-26 स्थित दो चार्जिंग स्टेशन में चोरी हुई और चोर दो मशीनों के चार चार्जिंग गन चुरा ले गए। इसके अलावा भी कई इलाकों में चोरी हुई हैं। इन सभी वारदात से करीब ढाई करोड़ का नुकसान हुआ।