मनीमाजरा। हाउसिंग बोर्ड चौराहे से मौलीजागरां की तरफ जाने वाली सड़क पर ईदगाह के सामने चाकू की नोक पर एक ई-रिक्शा लूटने का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार देर शाम की है। इस दौरान वहां से गुजर रहे ई-रिक्शा चालक मौलीजागरां निवासी अंकित को कुछ लोगों ने रुकने का इशारा किया। उसने जैसे ही ब्रेक लगाई आरोपी ने चाकू निकाला और उसकी गर्दन के पीछे रखकर कहा कि जितने भी पैसे उसकी जेब में हैं, सब निकाल कर उसे दे दे नहीं तो काट देगा। अंकित ने जेब में 700-800 रुपये थे, उसे निकाल कर दे दिए। इसके बाद लुटेरे ने उसे ई-रिक्शा से बाहर निकाला और ई-रिक्शा लेकर भाग गया। अंकित की शिकायत पर मौलीजागरां पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।