मोहाली। पुडा दफ्तर के बाहर पंजाब फील्ड एंड वर्कशॉप वर्कर्स यूनियन की भूख हड़ताल सोमवार को 48वें दिन में प्रवेश कर गई। इस दौरान यूनियन ने रैली निकालकर प्रदर्शन किया। भूख हड़ताल पर रणबीर सिंह, आकाश कुमार, रंजीत सिंह, शिव कुमार और दर्शन सिंह बैठे। रैली को संबोधित कर यूनियन के प्रांतीय प्रधान सुखदेव सिंह सैणी, तरलोचन सिंह, मलकीत सिंह, हाकम सिंह, पाला राम, नसीब सिंह, रंधीर सिंह, कुलदीप सिंह और सुभाष राणा ने कहा कि विभाग में 1 अप्रैल 2004 से पहले भर्ती कर्मचारियों की पुरानी पेंशन तुरंत लागू की जाए। यूनियन नेताओं ने मांग की कि विभाग में दो वर्षों का रोका गया बोनस/एक्स–ग्रेशिया तुरंत जारी किया जाए।
2015 से लगातार काम कर रहे डेलीवेज, आउटसोर्स, थ्रू कान्ट्रेक्ट और कान्ट्रेक्ट कर्मचारी नियमित किए जाएं। उन्हें तय सभी सुविधाएं छुट्टियाँ, बोनस, ईपीएफ, ईएसआई और ग्रेच्युटी प्रदान की जाएं, रिटायर्ड कर्मचारियों को मेडिकल रीइंबर्समेंट दिया जाए। कर्मचारियों को मिलने वाला 25% हाउस रेंट भत्ता बहाल किया जाए, विभाग के खाली फ्लैट, जिन्हें कुछ लोगों ने कब्जा किया हुआ है, खाली करवाकर कर्मचारियों को दिए जाएं। प्लॉट अलॉटमेंट में कर्मचारियों का कोटा बढ़ाकर 10% करने और सरकार 16% डीए तुरंत जारी करे और कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए। यूनियन ने चेतावनी दी कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं तब तक आंदोलन जारी रहेगा।