जीरकपुर। बिशनपुरा निवासी रिंकी ने तीन मोटरसाइकिल सवार युवक द्वारा उसका मोबाइल झपटने व उसके साथ मारपीट करने की शिकायत दर्ज करवाई है। हैरानी की बात तो यह है कि झपटमार ने महिला को फोन बंद नहीं किया और अगले दिन जब महिला ने अपने मोबाइल पर कॉल की तो झपटमारों ने कहा कि वह उसे तीन हजार रुपये गूगल पे कर देगी तो वह उसका मोबाइल लौटा देगा। इसकी शिकायत महिला ने पुलिस थाने में दर्ज करवा दी है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
शिकायतकर्ता रिंकी ने बताया कि वह नौ मई को शाम करीब साढ़े छह बजे वह काम खत्म कर पैदल घर जा रही थी तो पीछे से एक मोटरसाइकिल पर तीन युवक आए और उसका मोबाइल झपट लिया। इसका उसने विरोध किया तो उन्होंने उसके साथ मारपीट की और उसे धक्का देकर मौके से फरार हो गए। शिकायतकर्ता रिंकी ने बताया कि अगले दिन जब उसने अपने मोबाइल पर फोन किया तो फोन चल रहा था और एक लड़का फोन उठाकर बोला की उसे तीन हजार रुपये गूगल पे करोगी तो मोबाइल लौटा देगा। इसके बाद रिंकी ने कहा कि वह उसे नकद पैसे देगी लेकिन वह खाते में पैसे लेने पर अड़े रहे। वह पैसे लेकर मेट्रो माल के पास गई लेकिन वे नहीं आए। इसके बाद थाने में शिकायत दी लेकिन पुलिस ने दो दिन कोई कार्रवाई नहीं की। अब पुलिस ने जांच शुरू की है।