चंडीगढ़। पंजाब के पुत्तर शुभमन गिल की अगुवाई में भारतीय क्रिकेट टीम शुक्रवार को पीसीए न्यू मुल्लांपुर क्रिकेट स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला खेलने उतरेगी।
मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 2:00 बजे शुरू होगा। इस मुकाबले के साथ न्यू मुल्लांपुर का क्रिकेट स्टेडियम पहली बार अंतरराष्ट्रीय वनडे की मेजबानी करेगा। लिहाजा यह दिन स्टेडियम के इतिहास में भी खास तौर पर दर्ज होगा। पीसीए के इस नए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट केंद्र में अब तक क्रिकेट प्रशंसकों ने कई मुकाबले देखे हैं लेकिन शुक्रवार को पहली बार वनडे क्रिकेट का रोमांच देखने को मिलेगा। मैदान पर उतरते ही भारतीय टीम के सामने सीरीज जीतने की चुनौती होगी, जबकि वेस्टइंडीज भी निर्णायक मुकाबले में जीत के लिए पूरा जोर लगाएगी। मुकाबले को पंजाब के क्रिकेट प्रशंसकों के लिए और खास बना रही है शुभमन गिल की मौजूदगी। पंजाब से ताल्लुक रखने वाले गिल पहली बार घरेलू दर्शकों के बीच टीम इंडिया की कप्तानी करते नजर आएंगे। उनके अलावा दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली की मौजूदगी भी मुकाबले का आकर्षण बढ़ाएगी।
दो दिन में बिक गईं स्टूडेंट ब्लॉक की टिकटें : मुकाबले को लेकर चंडीगढ़ और आसपास के क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। भारतीय टीम के स्टार खिलाड़ियों को मैदान पर देखने की दीवानगी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि स्टूडेंट ब्लॉक की सभी टिकटें पहले दो दिन में ही बिक गईं।
एक ही फ्लाइट से पहुंचीं दोनों टीमें: भारत और वेस्टइंडीज की टीमें वीरवार को शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट चंडीगढ़ पहुंचीं। दोनों टीमें एक ही फ्लाइट से आईं। भारतीय टीम में सबसे पहले केएल राहुल एयरपोर्ट से बाहर आए। इसके बाद जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव, विराट कोहली, रोहित शर्मा, शुभमन गिल समेत अन्य खिलाड़ी बस में सवार होकर शहर के निजी होटल के लिए रवाना हुए।