चंडीगढ़। शिक्षा निदेशक रुबिंदरजीत सिंह बराड़ ने स्कूलों को खोलने से पहले वहां की सफाई व्यवस्था और नियमों के पालन की जांच करने के लिए टीम बनाई है। सात सदस्यीय टीम में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। शिक्षा निदेशक ने अधिकारियों को जांच के लिए कलस्टर बांट दिए हैं। अक्तूबर के अंतिम सप्ताह और नवंबर माह के पहले सप्ताह में ये अधिकारी स्कूलों में जाकर निरीक्षण करेंगे।
शिक्षा निदेशक की जारी निर्देश के अनुसार एसईआरटी के निदेशक डॉ. सुरिंदर दहिया कलस्टर 2 व 8, एनएसएस के एसएलओ बिक्रम राणा कलस्टर 3 व 10, डिप्टी डायरेक्टर-1 अल्का मेहता कलस्टर 4, 6, 7 और 11, एमसी डॉ. मनजीत बराड़ कलस्टर 12, 16 व 17, डिप्टी डायरेक्टर-2 अनीता शर्मा कलस्टर 14, 18 व 20, डिप्टी डायरेक्टर- 3 सुनील बेदी कलस्टर 1, 13 व 19, डीईओ रविंदर कौर कलस्टर 5, 9 और 15 का निरीक्षण करेंगे। सभी अधिकारी केंद्र की एसओपी दिशा-निर्देशों की पालना की जांच करने के साथ, स्कूलों के दोबारा खोलने की स्थिति को लेकर भी निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण की रिपोर्ट प्रतिदिन शाम 4 बजे तक समग्र शिक्षा के को-ऑर्डिनेटर को जमा करवानी होगी। निरीक्षण के दौरान अधिकारी स्कूल प्राचार्य और स्टाफ से स्कूलों में रेगुलर कक्षाएं शुरू करने के लिए स्वास्थ्य और स्वच्छता संबंधी सुझाव भी मांगेंगे।
इन बिंदुओं के आधार पर तैयार होगी रिपोर्ट
स्कूल स्टाफ की उपस्थिति, स्कूलों में निर्देशों के अनुसार टास्क टीम का गठन, कक्षाओं व हॉल आदि को सैनिटाइज करने के लिए पर्याप्त मैटेरियल, विद्यार्थियों के स्कूल आने का शेड्यूल, केंद्र सरकार की ओर से जारी एसओपी का डिस्प्ले, हाथ धोने के लिए पर्याप्त साबुन और पानी की व्यवस्था, वाशरूम की सफाई, स्कूल में महत्वपूर्ण स्थानों पर साफ और ढके हुए डस्टबीन, एसओपी के अनुसार स्कूल का टाइम टेबल, अलग कक्षाओं के लिए स्कूल आने का अलग समय, स्कूल में प्रवेश और बाहर जाने के लिए अलग गेट, स्टाफ रूम और लाइब्रेरी में सामाजिक दूरी का पालन और विद्यार्थियों और शिक्षकों के फोन में आरोग्य सेतु एप आदि की रिपोर्ट तैयार होगी।