लेक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के स्विमिंग पूल का नवीनीकरण किया जाएगा। इस दौरान फिल्ट्रेशन प्रणाली, टाइलिंग, लॉकर रूम, पूल डेक और दर्शक दीर्घा का आधुनिकीकरण किया जाएगा। प्रशासन के चीफ इंजीनियर सीबी ओझा ने सोमवार को खेल सचिव प्रेरणा पुरी को यह जानकारी दी। प्ररेणा पुरी खेल विभाग में चल रहे प्रोजेक्टों की समीक्षा करने पहुंची थीं।
निरीक्षण की शुरुआत सेक्टर-16 क्रिकेट स्टेडियम से हुई। मुख्य अभियंता सीबी ओझा ने जानकारी दी कि खेल मैदान को उच्च गुणवत्ता वाले टर्फ से फिर से तैयार किया गया है, जिससे बाउंस, ग्रिप और स्थायित्व में सुधार होगा। मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से बचाव के लिए ड्रेनेज प्रणाली को भी उन्नत किया गया है। इसके अलावा चार नई प्रैक्टिस पिचों का निर्माण भी किया गया है। 15 अगस्त तक यह काम पूरा हो जाएगा।
इस दौरान यूटी क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय टंडन ने बताया कि इन सभी कामों के पूरा होने के बाद चंडीगढ़ में प्रमुख क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित करने की क्षमता बढ़ेगी। ऐसी आधुनिक सुविधाएं राष्ट्रीय स्तर पर ध्यान
आकर्षित करेंगी।
लेक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के स्विमिंग पूल का दौरा किया
क्रिकेट स्टेडियम के बाद टीम ने लेक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का दौरा किया। मुख्य अभियंता ने बताया कि स्विमिंग पूल के नवीनीकरण के लिए टेंडर पहले ही जारी किया जा चुका है और यह कार्य वार्षिक शीतकालीन अवकाश के बाद प्रारंभ किया जाएगा। इस परियोजना के तहत फिल्ट्रेशन प्रणाली, टाइलिंग, लॉकर रूम, पूल डेक और दर्शक दीर्घा का आधुनिकीकरण किया जाएगा। इसके अलावा टेनिस एवं स्क्वैश कोर्ट के नवीनीकरण के लिए अभियंत्रण विभाग एक रफ कॉस्ट एस्टीमेट भी तैयार कर रहा है।