चंडीगढ़-अंबाला मुख्य मार्ग पर ट्रैफिक समस्या हल करने के लिए फ्लाईओवर निर्माण के लिए सर्वे कार्य शुरू हो गया है।
यह सर्वे फ्लाईओवर का निर्माण करने वाली कंपनी जीएमआर की ओर से सीईए निजी कंपनी द्वारा किया जा रहा है। इसकी टीम विगत सोमवार से सर्वे में जुटी है, जो एक सप्ताह में अपनी रिपोर्ट कंपनी को सौंप देगी।
सीईए के अधिकारियों ने बताया कि वह मौके की पूरी रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। इसमें फ्लाईओवर बनने वाली जगह में सड़क की चौड़ाई, आसपास इमारतों की ऊंचाई एवं ट्रैफिक समस्या के बारे में जिक्र होगा। सर्वे रिपोर्ट के बाद ही इसकी डिजाइन फाइनल की जाएगी। उसके बाद इसका निर्माण शुरू होगा।
नेशनल हाईवे अथारिटी विभाग के अधिकारियों के मुताबिक इस महीने के अंत में या दिसंबर में फ्लाईओवर का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
बता दें कि चंडीगढ़-अंबाला फोर लेन बनने के बाद डेराबस्सी में फ्लाईओवर न बनने के शहर दो भागों में बंट गया था। इसके एक ओर पुराना शहर तहसील, एसडीएम कार्यालय, अदालत परिसर, मुख्य बाजार, अनाज मंडी, सब्जी मंडी जबकि दूसरी ओर पुलिस स्टेशन, सिविल अस्पताल, बीपीओ कार्यालय, सरकारी कालेज, गुलाबगढ़, कालेज एवं बरवाला रोड स्थित सहित वार्ड नंबर एक, दो एवं तीन की दर्जनों रिहायशी कालोनियां स्थित हैं।
इसके अलावा सब डिवीजन के गांव भी दोनों ओर बंट गए थे। यहां से रोजाना बड़ी संख्या में लोग रोजमर्रा के कार्यों के लिए मुख्य मार्ग को पार करते हैं, लेकिन यहां पर हर समय भारी यातायात होने के कारण हादसों का खतरा बना रहता है।
इस समस्या से जूझ रहे शहरवासी पिछले लंबे समय से मुख्य मार्ग पर फ्लाईओवर का निर्माण करने की मांग कर रहे थे। डेराबस्सी हलके के विधायक एवं सीपीएस एनके शर्मा ने इलाके की इस मांग एवं गंभीर समस्या को राज्य के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के आगे उठाया।
मुख्यमंत्री ने 11 जुलाई 2013 को केंद्र के सड़क ट्रासपोर्ट एवं हाईवेज मंत्री को पत्र लिखकर डेराबस्सी मुख्य मार्ग की गंभीर स्थित से अवगत कराते हुए यहां जल्द फलाईओवर बनाने का आग्रह पर विभाग ने इसको मंजूरी दे दी।
एनके शर्मा ने बताया था कि यह फ्लाईओवर 146 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जाएगा। जिसको नवंबर महीने में शुरू हो जाएगा। नेशनल हाईवे से मिली जानकारी के मुताबिक फ्लाईओवर का निर्माण नवंबर माह के अंत या दिसंबर के शुरुआती सप्ताह में शुरू हो जाएगा।
फ्लाईओवर चंडीगढ़ की ओर पुराने रेलवे ओवर ब्रिज के उतरने वाले स्थान से लेकर आदर्श नगर गली नंबर एक के बाहर स्थित निरंकारी भवन तक बनेगा। इसके डिजाइन के मुताबिक बरवाला मार्ग एवं बस स्टैंड के कट इसके नीचे आ जाएंगे। जिससे काफी हद तक ट्रैफिक की समस्या कम हो जाएगी।
जानकारी के मुताबिक जीरकपुर फ्लाईओवर दो पिलरों पर टिका हुआ है, लेकिन नीचे सड़क पर जगह कम होने के कारण इसको एक पिलर पर ही निर्माण किया जाएगा।