चंडीगढ़। भवन विद्यालय सेक्टर-27 की ओर से रविवार को साइक्लोथॉन का आगाज होगा। आजादी के 75वें महोत्सव और देश के बॉर्डर पर पहरा दे रहे जवानों को समर्पित यह साइक्लोथॉन 16 अक्तूबर को सुबह 4 बजे स्कूल परिसर से निकलेगी और चार दिन यात्रा करते हुए राजस्थान के लोंगेवाला पोस्ट पर जाकर खत्म होगी। इसमें स्कूल के 21 छात्र और छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं। इनके साथ स्कूल के चार टीचर विजयपाल सिंह, शीतल शर्मा, अनिल शर्मा और सिमरत सिंह भी शामिल होंगे। यह सभी साइकिल पर सवार होकर सड़क रास्ते के जरिए यात्रा पूरी करेंगे।
भवन विद्यालय स्कूल सेक्टर- 27 की सीनियर प्रिंसिपल कम एजुकेशन डायरेक्टर विनीता अरोड़ा ने बताया कि देश की सीमाओं पर पहरा दे रहे जवानों की वजह से हमारे देश के नागरिक सुरक्षित हैं। इन जवानों के जज्बे को सलाम करते हुए स्कूल की ओर साइक्लोथॉन का आयोजन कर रहे हैं। इसमें सातवीं से लेकर 12वीं तक के 11 छात्राएं और 10 छात्र इसमें हिस्सा ले रहे हैं।
जवानों से विद्यार्थियों को सीखने का मिलेगा मौका
स्कूल के मानदा सचिव मधुकर मल्होत्रा ने बताया कि लोंगेवाला पोस्ट का चंडीगढ़ से भी कनेक्शन रहा है। पाकिस्तान के साथ इस लोंगेवाला पोस्ट के युद्ध् के हीरो ब्रिगेडियर कुलदीप सिंह चांदपुरी शहर से ही थे। लोंगेवाला पोस्ट पर जवानों से बातचीत करने और उनके काम करने की शैली से स्कूल के बच्चों को काफी कुछ सीखने को मिलेगा।
रोजाना कर रहे अभ्यास
साइक्लोथॉन में हिस्सा लेने वाले छात्र गौरांश ने बताया इसके लिए वह स्कूल के अन्य साथियों के साथ पिछले एक महीने से लगातार अभ्यास कर रहे हैं। साइकिल पर सवार होकर लॉग रूट पर साइकिल चलाते हैं। इसके लिए स्कूल के खेलों के टीचर उनकी मदद कर रहे हैं, ताकि लंबे सफर के लिए स्टेमिना बना रहे।
अभियान में भाग लेने काफी उत्सुक हूं
साइक्लोथॉन में हिस्सा ले रही स्कूल की छात्रा वृद्धि अग्रवाल ने बताया कि वह पहली बार इतने लंबे सफर पर साइकिल पर निकलने वाली है। इसको लेकर काफी उत्सुक हूं। स्कूल के टीचर्स ने इस अभियान के लिए सभी को काफी मोटिवेट भी किया है। वृद्धि ने इस अभियान का हिस्सा बनने के लिए खुशी जताई।