लाडवा। बपदा रोड स्थित बाल अनाथ आश्रम के संचालक शीशपाल मदान का अनशन शनिवार को भी जारी रहा। उनके अनशन को छह दिन हो गए हैं।
अनशन के चौथे दिन दो अधिकारियों ने आश्रम में पहुंचकर उनसे बातचीत की थी। लेकिन न तो उससे पहले और न ही उसके बाद उनका हाल जानने कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी आश्रम में पहुंचा।
ऐसे में पानी तक का त्याग करके अनशन पर बैठे शीशपाल की तबीयत बिगड़ने लगी है। इसको लेकर आश्रम में रह रहे 23 अनाथ बच्चों व 10 स्टाफ सदस्यों को भी उनकी चिंता सता रही है।
वहीं शीशपाल का कहना है कि अब तो वह तभी अपना अनशन खोलेंगे, जब उनकी मांगों को पूरा कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अनाथ बच्चों को पालकर वह सरकार का ही बोझ कम कर रहे हैं, लेकिन सरकार इस काम में भी उनकी कोई सहायता नहीं कर रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि सरकार ने सहायता करने की बजाय अनके हर काम में हमेशा रुकावटें ही डालने का काम किया है।