इस्माईलाबाद। पुलिस ने दसवीं कक्षा की एक छात्रा के बयान पर तीन युवकों के खिलाफ छेड़छाड़ व धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने एक आरोपी युवक को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश कर दिया है। वहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
कस्बे के एक निजी स्कूल में पढ़ने वाली दसवीं कक्षा की एक छात्रा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जब भी वह गांव से स्कूल की ओर आती थी, तब रोजाना संजीव कुमार पुत्र रामकुमार वासी टिकरी, सुरेश कुमार पुत्र राजेंद्र वासी टिकरी तथा अन्य उसके साथी उसका रास्ता रोके कर उस पर अश्लील फब्तियां कसते थे।
इसी तरह शुक्रवार सुबह भी इन युवकों ने स्कूल जाते समय उसका रास्ता रोक जबरन अपने मोबाइल पर बात करने के लिए कहा।
ऐसा न करने की स्थिति में उन्होंने उसे तेजाब फेंक जलाने की धमकी भी दी। छात्रा ने इसकी सूचना मोबाइल से परिजनों को दी।
छात्रा ने परिजनों को बताया कि तीनों आरोपी पिहोवा की ओर गए है। परिजनों ने मौके पर युवकों का पीछा किया। रास्ते में जब उन्हें रोका गया तो उन्होंने छात्रा के परिजनों के साथ गाली-गलौज व हाथापाई भी की।
छात्रा के परिजनों ने पुलिस में इस बारे शिकायत दर्ज करा दी है। थाना प्रबंधक योगेश कुमार ने बताया कि इन युवकों में से एक आरोपी संजीव कुमार को हिरासत में ले लिया।
अन्य को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्तार किए आरोपी युवक को शनिवार सुबह पुलिस ने पिहोवा न्यायालय में पेश किया, जहां उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।