मुख्य सचिव एच राजेश प्रसाद ने तैयारियों की समीक्षा की, 21 नवंबर को होगा बिब एक्सपो ट्रैफिक, सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं पर रहेगा फोकस
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। शहर में दूसरी चंडीगढ़ इंटरनेशनल मैराथन के आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। 22 नवंबर को होने वाली इस मैराथन में देश-विदेश के सात हजार से अधिक धावकों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। आयोजन की तैयारियों को लेकर बुधवार को यूटी सचिवालय में मुख्य सचिव एच राजेश प्रसाद की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें यातायात, सुरक्षा, स्वास्थ्य, सफाई और अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
बैठक में गृह सचिव मंदीप सिंह बराड़, खेल सचिव प्रेरणा पुरी, उपायुक्त निशांत कुमार यादव, एसएसपी ट्रैफिक एवं सिक्योरिटी सुमेर प्रताप सिंह और खेल निदेशक सोरभ कुमार अरोड़ा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। नगर निगम, स्वास्थ्य, पुलिस, परिवहन, स्कूल शिक्षा, संस्कृति, इंजीनियरिंग, जनसंपर्क और उच्च शिक्षा विभाग के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया।
खेल सचिव प्रेरणा पुरी ने तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि चंडीगढ़ प्रशासन का खेल विभाग इस प्रतियोगिता का आयोजन कर रहा है। इसमें देश के विभिन्न राज्यों के साथ विदेशों से भी धावकों के पहुंचने की संभावना है। मैराथन से एक दिन पहले 21 नवंबर को बिब एक्सपो आयोजित किया जाएगा।
मुख्य सचिव एच राजेश प्रसाद ने खेल विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए सभी विभागों को आपसी तालमेल से जिम्मेदारियां निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह आयोजन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चंडीगढ़ की पहचान मजबूत करेगा। प्रशासन का प्रयास है कि प्रतिभागियों और शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलें।
बॉक्स : चार दिन तक जारी रहेंगे रजिस्ट्रेशन
खेल निदेशक सोरभ कुमार अरोड़ा ने बताया कि मैराथन के लिए सात हजार से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। काफी संख्या में लोग पहले ही पंजीकरण करवा चुके हैं और रजिस्ट्रेशन अगले चार दिनों तक जारी रहेंगे। बैठक में अधिकारियों ने यातायात नियंत्रण, मेडिकल सहायता, सुरक्षा, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं पर चर्चा की। सभी विभागों ने आयोजन में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया।