तीन दिन से आसमान में गूंज रही लड़ाकू विमानों की गर्जनाचंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला में दिन-रात सुनाई दे रही विमानों की आवाज, एलएसी के पास सामरिक तैयारियां परख रही वायुसेना
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। चंडीगढ़ और आसपास के आसमान में पिछले तीन दिन से लड़ाकू विमानों की तेज गर्जना सुनाई दे रही है। दिन हो या रात, विमानों की आवाज मोहाली, पंचकूला और जीरकपुर तक लोगों का ध्यान खींच रही है। इसके पीछे भारतीय वायुसेना का उत्तरी क्षेत्र में चल रहा बड़ा हवाई अभ्यास है। 13 से 21 नवंबर तक चलने वाले इस अभ्यास के लिए पंजाब समेत जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के हवाई क्षेत्र आरक्षित किए गए हैं।
वायुसेना उत्तराखंड में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के नजदीक हिमालयी क्षेत्र में अपनी सामरिक और युद्धक तैयारियों को परख रही है। अभ्यास का उद्देश्य ऊंचाई वाले दुर्गम इलाकों में जटिल हवाई अभियान चलाने, लड़ाकू विमानों की ऑपरेशनल क्षमता और जरूरत पड़ने पर तेजी से कार्रवाई करने की तैयारी का परीक्षण करना है।
इसमें सुखोई-30 एमकेआई और मिराज-2000 जैसे लड़ाकू विमानों के साथ एएन-32 और सी-295 परिवहन विमानों तथा एमआई-17 हेलीकॉप्टरों के शामिल होने की संभावना है। अभ्यास के दौरान नियमित प्रशिक्षण उड़ानों (ट्रेनिंग सॉर्टीज) के साथ विशेष सामरिक गतिविधियां भी की जा रही हैं। इसके लिए निर्धारित हवाई क्षेत्रों में अस्थायी प्रतिबंध संबंधी नोटिस (नोटम) जारी किए गए हैं। 21 नवंबर तक चलने वाले इस अभ्यास के दौरान उत्तरी क्षेत्र में वायुसेना की हवाई गतिविधियां जारी रहेंगी।