मोहाली। फेज-6 के निवासियों ने इलाके में बढ़ती समस्याओं और प्रशासन की कथित निष्क्रियता के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और नगर निगम पर आरोप लगाया कि बार-बार शिकायतों के बावजूद न तो कानून-व्यवस्था सुधर रही है और न ही बुनियादी सुविधाओं की हालत में कोई सुधार हो रहा है। प्रदर्शन के दौरान निवासियों ने कहा कि इलाके में नशे का कारोबार, चोरी की घटनाएं, अवैध ऑटो संचालन और झाड़ियों की भरमार लगातार बढ़ रही है, जिससे लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल है। उनका कहना था कि घनी और अनकट झाड़ियां असामाजिक तत्वों का अड्डा बन चुकी हैं, जबकि चोरी की वारदातें आम हो गई हैं।
प्रदर्शन के दोरान रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों ने बताया कि उन्होंने कई बार पुलिस और निगम अधिकारियों को शिकायतें दीं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी लापरवाही के खिलाफ लोगों ने सड़कों पर उतरकर विरोध मार्च निकाला और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्थानीय निवासी विंग कमांडर (सेवानिवृत्त) एमएस मंडेर ने कहा कि फेज-6, चंडीगढ़ से पंजाब में प्रवेश का प्रमुख द्वार है, लेकिन यहां की स्थिति राज्य की छवि को धूमिल कर रही है। उन्होंने इलाके की सफाई, सौंदर्यीकरण, नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई और अवैध ऑटो स्टैंड्स पर रोक लगाने की मांग की। प्रदर्शन को धर्म सैनी, रेनू शर्मा, कैप्टन एसपी सिंह, एडवोकेट लाली समेत कई अन्य प्रमुख निवासियों ने भी संबोधित किया। सभी ने एकजुट होकर नियमित पुलिस गश्त, झाड़ियों की सफाई और अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
अपनी ही सरकार के खिलाफ धरने को मजबूर हुए आप नेता
फेज-6 में बढ़ती समस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी के नेता आरपी शर्मा को अपनी ही सरकार के खिलाफ धरने में शामिल होना पड़ा। शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में लगातार शिकायतों के बावजूद पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे चोरी और असामाजिक गतिविधियों पर लगाम नहीं लग पा रही। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सफाई व्यवस्था को लेकर कई बार नगर निगम आयुक्त को अवगत कराने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। शर्मा ने चेतावनी दी कि अगर हालात नहीं सुधरे तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।