चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय की योजनानुसार लॉकडाउन खुलने के तीन सप्ताह के अंदर बचा कोर्स शिक्षकों को पूरा करना होगा। साथ ही इसी अवधि में प्रैक्टिकल आदि करवाने होंगे। इसके बाद मुख्य परीक्षाएं शुरू करने की योजना है।
पीयू ने कुछ दिनों पहले योजना बनाई थी कि 15 दिन में मुख्य परीक्षाएं खत्म कर देंगे। इसके अलावा अन्य प्लान भी तैयार किए जा रहे थे। छात्रों को इसका पता लगा तो उन्होंने विरोध शुरू कर दिया। चांसलर कार्यालय तक इस मामले की शिकायतें की गई और पीयू को फिर बैकफुट पर आना पड़ा।
छात्रों को राहत देगा पीयू का प्लान
सूत्रों का कहना है कि पीयू प्रशासन की ओर से इस बार बेहतरीन प्लान तैयार किया जा रहा है जो छात्रों को राहत देगा। लॉकडाउन खुलने के बाद सभी छात्रों की कक्षाएं लगाई जाएंगी। इन कक्षाओं में वह कोर्स पढ़ाया जाएगा जिनमें विद्यार्थियों को दिक्कतें आ रही हैं या फिर ऑनलाइन कक्षाओं में वह चीज समझ में नहीं आई होंगी। इसमें उन विद्यार्थियों को अधिक लाभ मिलेगा जो ऑनलाइन कक्षाओें में हिस्सा नहीं ले पा रहे हैं। इसी कार्य के साथ-साथ प्रैक्टिकल भी विभाग करवाएंगे। तीन सप्ताह का समय काफी होता है। इससे विद्यार्थियों को लाभ होगा।