चंडीगढ़। शहर की जर्जर सड़कों को लेकर 26 अगस्त को होने वाली नगर निगम सदन की बैठक में पार्षदों के बीच तीखी बहस हो सकती है। प्रशासन को 71 वी3 सड़कें सौंपने का प्रस्ताव एक बार फिर सदन में पेश किया जाएगा। इससे पहले भी जब यह प्रस्ताव लाया गया था तो आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के पार्षदों के कड़े विरोध के कारण इसे खारिज कर दिया गया था। सदन में सड़कों के अलावा कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा होगी।
बारिश के बाद शहर की सड़कों की हालत बद से बदतर हो चुकी है। इन सड़कों की मरम्मत के लिए करीब 45 करोड़ रुपये का बजट चाहिए जो फिलहाल नगर निगम के पास नहीं है। इसी वजह से नगर आयुक्त अमित कुमार ने विशेष अधिकार का इस्तेमाल करते हुए सड़कों को प्रशासन को सौंपने के लिए पत्र भी लिखा था लेकिन कानूनी अड़चनों के कारण यह संभव नहीं हो पाया और अब इसे दोबारा सदन में मंजूरी के लिए लाया जा रहा है।
इन महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी होगी चर्चा
निर्माण और विध्वंस अपशिष्ट संयंत्र (सीएंड वेस्ट प्लांट) : डड्डूमाजरा में स्थित इस संयंत्र का संचालन अगले पांच वर्षों के लिए एक निजी कंपनी को सौंपने का प्रस्ताव आएगा। यह अवधि दो साल और बढ़ाई जा सकती है।
कम्प्रेस्ड बायोगैस प्लांट: इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के सहयोग से डड्डूमाजरा में एक नया बायोगैस प्लांट लगाने पर भी विचार होगा। यह प्लांट शहर के गीले कचरे से गैस बनाएगा।
निशुल्क पार्किंग को पेड पार्किंग बनाने का प्रस्ताव: हल्लोमाजरा, रामदरबार और मनीमाजरा जैसे इलाकों में बसों के लिए बनी निशुल्क पार्किंग को पेड पार्किंग बनाने का प्रस्ताव भी सदन में रखा जाएगा। निगम का कहना है कि इससे अव्यवस्था खत्म होगी और राजस्व भी मिलेगा।
सफाई व्यवस्था और रोज फेस्टिवल: जीआईएस आधारित मशीनीकृत और मैनुअल सफाई व्यवस्था के लिए नए टेंडर दस्तावेजों पर भी चर्चा होगी। इसके साथ ही 54वें रोज फेस्टिवल 2026 की तैयारियों और उसके प्रायोजन (स्पांसरशिप) पर भी विचार किया जाएगा।