लुधियाना। गुजरांवाला गुरु नानक इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (जीजीएनआईएमटी) और गुजरांवाला गुरु नानक इंस्टीट्यूट ऑफ वोकेशनल स्टडीज (जीजीएनआईवीएस) ने संयुक्त रूप से परिसर स्थित गुरुद्वारा साहिब में श्री गुरु गोविंद सिंह जी का प्रकाश पर्व तथा श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रकाश उत्सव श्रद्धा और मर्यादा के साथ मनाया।
कार्यक्रम की शुरुआत श्री जपजी साहिब और जप साहिब के पाठ से हुई। इसके उपरांत शबद कीर्तन से परिसर आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर हो गया। संकाय सदस्यों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने पूरे श्रद्धाभाव से सहभागिता की। गुजरांवाला खालसा एजुकेशनल काउंसिल के अध्यक्ष एवं गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. एसपी सिंह ने श्री गुरु गोविंद सिंह जी की शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए साहस, त्याग और निस्वार्थ सेवा के मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया। काउंसिल के मानद महासचिव हरशरण सिंह नरूला ने आयोजन की सराहना की। संस्थानों के निदेशक प्रो. मनजीत सिंह छाबड़ा ने शैक्षणिक परिसरों में गुरुपर्व मनाने के महत्व को रेखांकित किया।
जीजीएनआईएमटी के प्रधानाचार्य डॉ. हरप्रीत सिंह ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी में निहित समानता और करुणा के सार्वभौमिक संदेश पर विचार रखे। इस अवसर पर पगड़ी बांधने की प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।