चंडीगढ़। सेक्टर-20 से 45 सोलर पैनल और 18 इन्वर्टर चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी दिग्विजय पांडे को शनिवार को अदालत में पेश करेगी। सेक्टर-19 थाने की एसएचओ सरिता रॉय ने बताया कि आरोपी दिग्विजय पांडे इसी कंपनी का कर्मचारी था। आरोपी से चोरी का सामान बरामद करने के लिए पूछताछ की जा रही है।
जालंधर निवासी भूपिंदर सिंह सैनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह सनलाइव सोलर सिस्टम कंपनी में पार्टनर है। उन्हें चंडीगढ़ के क्रेस्ट विभाग से सोलर सिस्टम लगाने के लिए टेंडर मिला है, जिसमें सेक्टर-20 का एरिया भी आता है। सोलर का सामान सेक्टर-20 में मकान नंबर- 2158 से 2226 के बेड़े में रखा हुआ था। 17 फरवरी को वहां से 45 सोलर पैनल और 18 इन्वर्टर चोरी हो गए। भूपिंदर ने शिकायत में लिखा कि वह कामकाज में व्यस्त थे, जिस कारण वह पुलिस को शिकायत नहीं दे पाए। शिकायत के बाद सेक्टर-19 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया। जांच के बाद एसएचओ सरिता रॉय के नेतृत्व में टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी से चोरी का काफी सामान बरामद कर लिया है। बाकी सामान की रिकवरी के लिए पुलिस आरोपी दिग्विजय पांडे से पूछताछ कर रही है। मूलरूप से आरोपी उत्तर प्रदेश का रहने वाला है।