जीरकपुर। शिवालिक विहार में बरसात के कारण करीब चार से पांच फीट पानी भर गया था। सोसायटी के लोगों ने करीब एक डेढ़ किलोमीटर लंबी व दो फीट गहरी सड़क तोड़कर पानी की निकासी की। सोसायटी का दौरा करने आए नगर काउंसिल के ईओ और जेई को लोगों ने मौके के हालात दिखाए। अधिकारियों ने सोसायटी का पानी पंप से निकालने की बात कही। जब शाम तक पानी की निकासी का कोई प्रबंध न हुआ तो लोगों ने शाम करीब साढ़े 6 बजे हाईवे की एक साइड 20 मिनट तक जाम कर दी। पुलिस ने आकर लोगों को समझाया। नगर काउंसिल ने दो बड़े पंप भेजकर सोसायटी में जमा पानी निकालना शुरू किया तो लोगों का गुस्सा शांत हुआ। इस दौरान फायर ब्रिगेड अधिकारी राजीव मौके पर पहुंचे और अपनी टीम के साथ पानी में फंसे बुजुर्गों को बाहर निकाला। इसके बाद वह बुजुर्ग मोहाली स्थित अपने रिश्तेदारों के घर चले गए।