आम आदमी पार्टी (आप) की बढ़ती ताकत से अब भारतीय जनता पार्टी भी सतर्क हो गई है। पार्टी की राष्ट्रीय सचिव और चंडीगढ़ प्रभारी आरती मेहरा ने कहा है कि भाजपा को आम आदमी पार्टी से बचना होगा। दिल्ली में हम आप के करेंट को नहीं पहचान सके और कांग्रेस से ही लड़ते रहे।
बाबा मक्खन शाह लुबाना भवन में बुधवार को आयोजित पार्टी की ट्रे़ड, इंडस्ट्रीज एंड इनवेस्टर कान्फ्रेंस में आरती मेहरा ने कार्यकर्ताओं को चेताया कि आम आदमी पार्टी को सिर्फ एनजीओ न समझें, बल्कि उसे तीसरी पार्टी समझें। चंडीगढ़ में भी यह पार्टी सक्रिय हो रही है। कांग्रेस से हमें घबराने की जरूरत नहीं है। पूरे देश में नरेंद्र मोदी की लहर चल रही है। इस कारण कांग्रेस में बौखलाहट है।
कमल ही उम्मीदवार
चंडीगढ़ की प्रभारी ने कहा कि पार्टी में लोकसभा के उम्मीदवार को लेकर कोई मतभेद नहीं है। पार्टी का उम्मीदवार कौन होगा, यह पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि पार्टी का उम्मीदवार कमल का फूल ही होगा।