सांबा। चंडीगढ़ के सेक्टर-11 के श्री कुमार केमिस्ट के कैशियर जानकी दास की हत्या जेल में बंद गैंगस्टर रोहित कुमार उर्फ माखन के इशारों पर की गई थी। माखन ने अमित कुमार उर्फ शराबी को इसकी जिम्मेदारी दी थी। शराबी ने इसे अंजाम दिया। सांबा पुलिस ने हत्याकांड में शामिल गैंग का भंडाफोड़ किया है। इसमें मुख्य आरोपी शराबी समेत छह गुर्गों को गिरफ्तार किया गया है।
सांबा पुलिस ने मामले में चंडीगढ़ पुलिस से मिले इनपुट के बाद काम शुरू किया। जांच में सामने आया कि पंजाब और जम्मू-कश्मीर में रंगदारी व आपराधिक गतिविधियों में शामिल गिरोह ने हत्याकांड को अंजाम दिया है। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ तेज की। चंडीगढ़ पुलिस ने बीते बुधवार हत्याकांड में शामिल बढोढी (बाड़ी ब्राह्मणा) निवासी सनी मेहरा और बाईपास कुंजवानी (जम्मू) निवासी आर्यन शर्मा को राजोरी से गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ के बाद गैंग का खुलासा हुआ। इसमें पता चला कि गैंगस्टर रोहित कुमार उर्फ माखन के पंजाब के गैंगस्टर के साथ संपर्क हैं। वह पहले भी इस तरह की वारदात को अंजाम देता रहा है। इसके बाद सांबा पुलिस ने अमित कुमार उर्फ शराबी, अजय कुमार दोनों निवासी सांबा, मानिक सनहोत्रा निवासी रामगढ़ और विवेक मेहरा निवासी चक मंगा रकवाल को गिरफ्तार किया। इनसे पूछताछ के बाद पता चला की शराबी इस नेटवर्क का सरगना है और विभिन्न आपराधिक वारदात में उसकी भूमिका भी सामने आई। एसएसपी अनुज कुमार के अनुसार, गैंग में शामिल अन्य फरार सहयोगियों व नेटवर्क की पहचान की जा रही है।
-
निशानदेही पर मिले हथियार व नकदी
पकड़े गए आरोपियों से सख्ती से पूछताछ के बाद पुलिस ने इनकी निशानदेही पर हथियार व गोला बारूद भी बरामद किया है। इसमें एके-47 मैगजीन, एके-47 के 38 कारतूस, दस पिस्तौल के कारतूस, दो देसी पिस्तौल, एक कट्टा, एक टोका और 18 हजार रुपये नकदी शामिल है।