चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री एवं लोकसभा सांसद चरणजीत सिंह चन्नी की एमए लोक प्रशासन की परीक्षा के दौरान फोटो खींचकर वायरल किए जाने का मामला अब पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया तक पहुंच गया है। सोमवार को पूर्व मेयर देवेश मोदगिल ने राज्यपाल से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी और विश्वविद्यालय के यूएमसी नियमों के तहत निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
मोदगिल ने कहा कि परीक्षा केंद्र के अंदर चन्नी की फोटो खींचकर उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जाना परीक्षा नियमों और यूएमसी रेगुलेशंस के दायरे में आता है। ऐसे में यह पता लगाया जाना जरूरी है कि परीक्षा के दौरान फोटो किसने खींची और उसे सोशल मीडिया तक किस तरह पहुंचाया गया।
उन्होंने दोषी व्यक्ति की पहचान कर विश्वविद्यालय के नियमों के तहत कार्रवाई की मांग की। राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने मामले की जानकारी लेने के बाद निष्पक्ष और पारदर्शी जांच का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि संबंधित तथ्यों की जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद विश्वविद्यालय में परीक्षा व्यवस्था और परीक्षार्थियों की गोपनीयता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।