बच्ची पर हमले का आरोपी बोला- गुस्सा आ गया था, दोबारा मिला तो हाथ जोड़कर सॉरी बोल दूंगापूछताछ में बच्ची की जान जाने की आशंका पर कुछ देर रहा चुप, घटना के दिन 700 बच्चों की निगरानी के लिए स्कूल में बचे थे सिर्फ 12 शिक्षक वारदात से दो दिन पहले फिर डाउनलोड किया था फ्री फायर गेम
दीपक शाही
पंचकूला। सरकारी स्कूल में छह वर्षीय बच्ची पर ईंट से हमला करने वाले आठ वर्षीय छात्र ने पूछताछ में कहा कि उस समय उसे बहुत गुस्सा आ गया था। बच्ची की जान जाने की आशंका को लेकर सवाल किया गया तो वह कुछ देर चुप रहा। बाद में उसने कहा कि बच्ची से दोबारा मिला तो हाथ जोड़कर सॉरी बोल देगा। अंबाला ऑब्जर्वेशन होम में जांच अधिकारियों की पूछताछ के दौरान बच्चे ने यह जवाब दिया। उधर, मामले में शिक्षा विभाग ने स्कूल की प्रिंसिपल नीलू कत्याल को भी निलंबित कर दिया है। इससे पहले दो अध्यापिकाओं को सस्पेंड किया जा चुका है।
जांच में सामने आया है कि बच्चे ने वारदात से दो दिन पहले मोबाइल में फ्री फायर गेम दोबारा डाउनलोड किया था। करीब डेढ़ महीने पहले मां ने उसके मोबाइल से यह गेम हटवा दिया था, लेकिन वह इसे खेलना चाहता था। उसने पड़ोस में रहने वाली एक महिला के हॉटस्पॉट से गेम फिर डाउनलोड कर लिया। घटना वाले दिन पिता को इसका पता चला तो उन्होंने दोबारा गेम डिलीट करवा दिया। पिता ने बेटे से बार-बार पूछा कि उसने बच्ची को क्यों मारा, लेकिन वह यही कहता रहा कि उसे नहीं पता ऐसा कैसे हो गया और उसे कुछ याद नहीं है। हालांकि, हमले के पीछे गेम की भूमिका अभी जांच का विषय है।
20 कर्मचारियों में से आठ सेमिनार में थे, 12 के जिम्मे 700 बच्चे
घटना के दिन स्कूल के कुल 20 कर्मचारियों में से आठ सेमिनार में गए हुए थे। बाकी 12 शिक्षकों के जिम्मे करीब 700 बच्चे थे। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि कर्मचारियों की अनुपस्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था की गई थी या नहीं और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त निगरानी थी या नहीं। तीसरी कक्षा का छात्र बच्ची को बहलाकर पहली मंजिल के खाली कमरे में ले गया था और उस पर ईंट से हमला किया था। हरियाणा मानवाधिकार आयोग के चेयरपर्सन जस्टिस ललित बत्रा ने मामले का संज्ञान लेते हुए इसे सिस्टम की खामी बताया था।
कक्षा में अलग-थलग रहता था बच्चा, दौड़ने में थी रुचि
बच्चे की शिक्षिका के अनुसार, वह कक्षा में दूसरे विद्यार्थियों से अलग रहता था। उसे पिछली सीट पर बैठना पसंद था और पढ़ाई में भी उसका प्रदर्शन अच्छा नहीं था। हालांकि, उसके व्यवहार में ऐसी कोई असामान्य बात नजर नहीं आई थी, जिससे इस घटना का अंदेशा होता। पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने बताया कि गली के सात-आठ बच्चे एक साथ खेलते थे, लेकिन उसने कभी बच्चे को आक्रामक व्यवहार करते नहीं देखा। घटना से करीब एक सप्ताह पहले ही माता-पिता ने उसका स्कूल की नर्सरी में एथलेटिक्स गतिविधियों के लिए दाखिला करवाया था। उसे दौड़ना पसंद था। मां के मुताबिक, घटना वाले दिन बेटा काफी खुश था और घर से निकलते समय बाय कहकर गया था।
जीएमसीएच-32 में होगी बच्चे की काउंसलिंग
आठ वर्षीय छात्र की सोमवार को चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित जीएमसीएच में काउंसलिंग होगी। मनोरोग विभाग के डॉक्टरों का पैनल उसके व्यवहार और घटना के संभावित कारणों को समझने का प्रयास करेगा। इस दौरान माता-पिता भी मौजूद रहेंगे। पुलिस पारिवारिक माहौल, बच्चे के व्यवहार और मोबाइल इस्तेमाल समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।