हिमाचल प्रदेश की युवती को चंडीगढ़ से सटे नयागांव के होटल में ले जाकर जबरदस्ती करने का मामला सामने आया है। युवती ने सेक्टर-17 के थाने में शिकायत दर्ज करवाई लेकिन घटना वाली जगह नयागांव इलाके की होने पर चंडीगढ़ पुलिस की ओर से जीरो एफआईआर काटकर मामला नयागांव थाने में ट्रांसफर कर दिया गया। इसके बाद नयागांव पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर युवक पर केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: Moga: बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या करने के तीन आरोपी काबू, तीन पिस्टल और 10 कारतूस बरामद
शिकायतकर्ता ने बताया कि वह अपनी सहेली को उसके प्रेमी से मिलवाने के लिए शिमला से चंडीगढ़ आई थी। जहां उसकी सहेली का प्रेमी उन दोनों को अपने साथ इलाके के एक होटल में ले गया। यहां उसने दो कमरे बुक करवाए। एक में वह अपनी प्रेमिका को लेकर रुका और दूसरे में वह अकेली रुकी थी। इस दौरान उसके कमरे का किसी ने दरवाजा खटखटाया। जैसे ही उसने दरवाजा खोला तो सहेली के प्रेमी के साथ आया उसका दोस्त उसके कमरे में दाखिल हो गया और उसके साथ जबरदस्ती की कोशिश की।
इसके बाद उसने अपनी सहेली को दो बार फोन किया लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। तीसरी बार कॉल करने पर उसके प्रेमी ने उठाया तो उसने उन्हें कमरे में बुलाकर सारी बात बताई। वहीं, भाई को भी फोन कर सारी घटना बताई। उसके भाई ने वहीं पुलिस का इंतजार करने को कहा लेकिन मामला बढ़ता देख दोनों युवक टैक्सी बुलाकर उन्हें जबरदस्ती सेक्टर-17 बस स्टैंड छोड़ आए और शिमला वापस जाने को कहा। इसके बाद उन्होंने सेक्टर-17 थाने में शिकायत दी।